धर्मशाला। जिला कांगड़ा में पांच दिन की राहत के बाद छठे दिन एक बार फिर कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार पहुंचा है। इससे पहले 12 जून को 116 मामले आए थे।
जिला कांगड़ा में शुक्रवार को कॉलेज फॉर हायर तिब्बतियन स्टडीज (सीएचटीएस) सराह के 59 युवाओं समेत 123 नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। वहीं जिले में 128 मरीज स्वस्थ हुए हैं, जबकि तीन मरीजों ने कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ा है। सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि जिला में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों के 45,593 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 43775 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में एक्टिव केस 796 हैं और 1018 मरीजों की मौत हो चुकी है।
सीएमओ ने बताया कि टीएमसी में उपचाराधीन त्रेनल बैजनाथ के 62 वर्षीय व्यक्ति सहित होम आइसोलेशन में रह रहे जलेहड़ बनूरी के 65 वर्षीय व्यक्ति और पालमपुर की 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई।