हिमाचल: भव्य शोभायात्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले का शुभारंभ, परंपरा निभाने पहुंचे राज परिवार के वंशज
International Renukaji Fair: अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेला शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ। मां रेणुका और पुत्र परशुराम के पारंपरिक व आध्यात्मिक मिलन के हजारों श्रद्धालु साक्षी बने। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की समृद्ध और अलौकिक लोक संस्कृति का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेला शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री की गैर मौजूदगी के चलते उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मेले के शुभारंभ की रिवायत को निभाया। उन्होंने मेले का विधिवत शुभारंभ कर देव पालकियों को कंधा देकर रवाना किया। साथ ही शोभायात्रा की अगवानी भी की।
शोभायात्रा दोपहर बाद ददाहू स्थित खेल मैदान से प्रारंभ होकर ददाहू बाजार, गिरिपुल, बेडोन, देवशिला, मेला मैदान से होती हुई शाम ढलने से पूर्व रेणुकाजी तीर्थ के त्रिवेणी घाट पर पहुंची। यहां मां रेणुका और पुत्र परशुराम का पारंपरिक व आध्यात्मिक मिलन करवाया गया। ऐतिहासिक मिलन के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु जुटे। पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के साथ शंख, घंटियाल, ढोल-नगाड़ों सहित बैंड बाजों की मधुर ध्वनि के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा के चलते रेणुका घाटी भगवान परशुराम और माता रेणुकाजी के जयघोष से गूंज उठी। शोभायात्रा में भगवान परशुराम के प्राचीन जामू, कटाहा, महासू व मंडलाह मंदिरों से आई देव पालकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

शोभायात्रा के दौरान देवताओं की चढ़ती पालकी में देवताओं के खुले मन से दर्शन पाकर श्रद्धालु गदगद हो उठे। श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए कामना भी की। शोभायात्रा में चलती पालकी में देवताओं के दर्शन करना अति शुभ और कल्याणकारी माना गया है। इसको लेकर पूरे उत्तरी भारत से श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल होकर देवताओं के समक्ष अपनी मन्नतें मांगते हैं। शोभायात्रा में भगवान परशुराम और माता रेणुका के मिलन का स्मरण कराती हुई भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। लोगों ने अपने घर की छत पर खड़े होकर देवताओं पर पुष्प वर्पा भी की। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, कंवर अजय बहादुर सिंह, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी भी मौजूद रहे।

रेणुका मेले की सादियों पुरानी परंपरा को निभाने राज परिवार के वंशज भी शुक्रवार को रेणुका पहुंचे। राज परिवार के वंशज कंवर अजय बहादुर सिंह ने परंपरागत वेशभूषा में परिवार के सदस्यों के साथ जामू मंदिर से लाई गई भगवान परशुराम की चांदी जड़ित पालकी का स्वागत कर विधिवत व मंत्रोच्चारण के बीच पंडाल तक पहुंचाया। इस अवसर पर राज परिवार के वंशज कंवर दलीप सिंह, कुलदीप सिंह, एमपी कंवर, जयवीर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, निर्भय सिंह, अनिल, मदनपाल सिहं, दलीप सिंह कंवर, अशोक कुमार, बलबीर सिंह, विनित महेंद्रा और कुंजना सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.