Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में 454 सड़कें बंद, प्रदेश में जारी रहेगा बारिश का दौर, 10-11 को ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल के कई क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश होने के आसार हैं। राज्य में जगह- जगह भूस्खलन के चलते दो रामुपर-काजा और आनी-कुल्लू एनएच समेत 454 सड़कें बंद हैं। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह तक बारिश के बाद वीरवार को कुछ राहत मिली है, लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। राज्य में जगह- जगह भूस्खलन के चलते दो रामुपर-काजा और आनी-कुल्लू एनएच समेत 454 सड़कें बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे वीरवार दोपहर बाद 41 घंटे बाद बहाल हुआ है। सोलन के चक्कीमोड़ पर भू-स्खलन के चलते कालका-शिमला हाईवे रात भर प्रभावित रहा। वीरवार को भी भूस्खलन के चलते छह किलोमीटर तक जाम लगा रहा। परवाणू से धर्मपुर पहुंचने में तीन घंटे से भी अधिक का समय लगा। अखबार, दूध-ब्रेड समेत रोजमर्रा का सामान सोलन और शिमला में सुबह देरी से पहुंचा। बीबीएन में तूफान और बारिश से रात भर बिजली गुल रही। दर्जनों उद्योग भी इस कारण बंद रहे। भूस्खलन के खतरे से मंडी जिले की कटौला पंचायत के शिल्ह के लोगों ने गांव छोड़ दिया है।
बारिश- भूस्खलन के चलते प्रदेश में बिजली के 861 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जबकि पानी की 244 योजनाएं भी प्रभावित हैं। ऊना में दो घर ढह गए, जबकि कांगड़ा में 27 गोशालाओं और 12 मकानों को नुकसान पहुंचा है। पौंग बांध से वीरवार को 40 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया। बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से चंबा के 20 गांवों में ब्लैक आउट की स्थिति है। शिमला में जगह-जगह पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। अपर शिमला में सड़कें अवरुद्ध होने से सेब के ट्रक फंस गए हैं। रामपुर के सेरी पुल में बारिश से 150 मीटर सड़क ध्वस्त होने से चार पंचायतों का संपर्क कट गया है। पूह में रिब्बा नाले में पिछले कल आई बाढ़ से स्कीबा में बंद हुआ रामपुर-काजा एनएच-5 वीरवार को भी बंद रहा। बारिश के बाद रास्ते बंद होने के कारण किन्नौर कैलाश यात्रा और दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। यात्रा के रास्ते में तांगलिंग और कांगरांग नालों पर बने पुल तेज बहाव में बह गए हैं। उधर, पांवटा-शिमला एनएच जगह-जगह भूस्खलन से एक घंटा बंद रहा।
हिमाचल के कई क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 8 और 9 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।