हिमाचल: किशाऊ बांध की मेज पर बनी बीबीएमबी में जीत की रणनीति, प्रदेश को 1,500 करोड़ की आय का अनुमान
केंद्र सरकार के साथ बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक पंजाब और हरियाणा बीबीएमबी के लंबित एरियर मामले में हिमाचल के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल नहीं करते, तब तक किशाऊ समझौते को आगे बढ़ाने पर सहमति नहीं बनेगी।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किशाऊ बांध समझौते के दौरान ही भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के बिजली एरियर मामले में हिमाचल की जीत की रणनीति तैयार कर ली थी। केंद्र सरकार के साथ बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक पंजाब और हरियाणा बीबीएमबी के लंबित एरियर मामले में हिमाचल के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल नहीं करते, तब तक किशाऊ समझौते को आगे बढ़ाने पर सहमति नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख का असर हुआ और दोनों राज्यों को सर्वोच्च न्यायालय में हिमाचल के पक्ष में हलफनामा दाखिल करना पड़ा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से मिलेगा बड़ा आर्थिक लाभ : अनूप
महाधिवक्ता अनूप रतन ने बताया कि बीबीएमबी की परियोजनाओं में हिमाचल प्रदेश की बिजली हिस्सेदारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से प्रदेश को बड़ा आर्थिक लाभ मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने नकद राशि के बजाय बिजली के रूप में हिस्सेदारी लेने का फैसला किया। बिजली की दरें अधिक रहने वाले अक्तूबर से मार्च के बीच यह बिजली मिलने से प्रदेश को बेहतर कीमत मिल सकेगी। मामला वर्ष 1996 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित था। अदालत ने बोर्ड को हिमाचल की बिजली हिस्सेदारी तत्काल प्रभाव से जारी करने के आदेश दिए हैं।
बीबीएमबी मामले में हिमाचल के हक में आए फैसले पर ओकओवर में जश्न, कार्यकर्ताओं ने डाली नाटी
बीबीएमबी की बिजली हिस्सेदारी को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के 6 नवंबर के हिमाचल के हक में आए फैसले की खुशी में शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सरकारी आवास ओकओवर में जश्न का माहाैल रहा। इस दाैरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं में जमकर नाटी डाली। इस दाैरान मेयर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चाैहान सहित कई पार्षद भी माैजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बीबीएमबी के विजय योद्धा लिखे सीएम सुक्खू की फोटो वाले पोस्टर लेकर डांस किया।