हिमाचल: हाईकोर्ट ने कहा- सीबीएसई सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी शिक्षक बनने के लिए बीएड में विषय जरूरी
अदालत ने स्पष्ट किया कि अंग्रेजी शिक्षक के पद के लिए बीएड में अंग्रेजी विषय पढ़ना अनिवार्य करने की शर्त उचित है और इसे मनमाना या असांविधानिक नहीं कहा जा सकता। इसी के साथ न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जसवाल की खंडपीठ ने भर्ती नियमों को चुनौती देने वाली अनंदिता शर्मा की याचिका खारिज कर दी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी सीबीएसई स्कूलों में अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता को वैध करार दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अंग्रेजी शिक्षक के पद के लिए बीएड में अंग्रेजी विषय पढ़ना अनिवार्य करने की शर्त उचित है और इसे मनमाना या असांविधानिक नहीं कहा जा सकता। इसी के साथ न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जसवाल की खंडपीठ ने भर्ती नियमों को चुनौती देने वाली अनंदिता शर्मा की याचिका खारिज कर दी।
खंडपीठ ने कहा कि शैक्षणिक योग्यता और भर्ती की शर्तें तय करना सरकार के नीतिगत अधिकार क्षेत्र में आता है। केवल इस आधार पर कि किसी विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में संबंधित विषय का विकल्प उपलब्ध नहीं है या कोई अभ्यर्थी निर्धारित योग्यता पूरी नहीं कर पाता, भर्ती नियमों को गैरकानूनी नहीं ठहराया जा सकता। याचिकाकर्ता ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर की ओर से दो नवंबर को जारी भर्ती विज्ञापन (पोस्ट कोड 26046) और राज्य सरकार की योजना के प्रावधानों को चुनौती दी थी।
उन्होंने विज्ञान स्नातक के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से गणित व भौतिक विज्ञान के साथ बीएड और इग्नू से 63.14 प्रतिशत अंकों के साथ अंग्रेजी में एमए की है। याचिकाकर्ता का तर्क था कि एचपीयू विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बीएड में अंग्रेजी चुनने का विकल्प नहीं देता, जिससे कई योग्य अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता ने दलील दी कि विज्ञान स्नातकों को अंग्रेजी में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ एमए होने पर आवेदन का अवसर दिया गया है। चूंकि इन अभ्यर्थियों ने स्नातक में अंग्रेजी नहीं पढ़ी होती, इसलिए विषय संबंधी योग्यता सुनिश्चित करने के लिए बीएड में अंग्रेजी अनिवार्य की गई है। गणित शिक्षकों की भर्ती में भी यही नियम लागू है। अदालत ने सरकार की दलीलों को स्वीकार करते हुए इस शर्त को पद की आवश्यकताओं के अनुरूप माना।
