बड़सर/भोंरज/नादौन/हमीरपुर। जिले भर के शैक्षिणक संस्थानों, पंचायतों और संस्थाओं ने सोमवार को विश्व जल दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। लोगों को जल ही जीवन है के बारे में जागरूक किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर के परिसर में विश्व जल दिवस के अवसर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जलशक्ति विभाग के एसडीओ सुरेश कुमार ने इस मौके पर विभाग द्वारा जल को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाया। इस मौके पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में राशि धीमान को प्रशस्ति पत्र तथा 1500 रुपये की नकद राशि दी गई। औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में विश्व जल दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीन डॉ. कमल शर्मा मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के साथ साथ पानी की आवश्यकता भी हर क्षेत्र में बढ़ रही है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अभिषेक ने प्रथम, अनिरूद्ध ने द्वितीय और अक्षिता ने तृतीय स्थान ग्रहण किया। विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य पर भोरंज की सभी 39 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया। इस संबंध में उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने अधिसूचना जारी की थी। जिसके तहत विशेष ग्राम सभा के तहत ग्राम पंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल सदस्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे। जल शक्ति विभाग के कर्मचारी व अधिकारी भी कार्यक्रमों में मौजूद रहे।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल भोरंज अनूोप ठाकुर व सहायक अभियंता जल शक्ति उपमंडल भोरंज अनिल शर्मा, सहायक अभियंता जल शक्ति उपमंडल लदरौर राजेंद्र पठानिया की देख रेख में यह कार्यक्रम मनाए गए। सुजानपुर महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने भी विश्व जल दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी शिल्पी बेक्टा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश डोगरा तथा बीडीओ स्वाति उपस्थित रही। बिझड़ी में जल जीवन मिशन के तहत लोगों को सब्जियों की पनीरी वितरित की गई। ग्राम पंचायत बल्डूहक में विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य पर एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान निम्मो देवी ने की। नादौन की ग्राम पंचायत मैड़ में प्रधान रेणू शर्मा की अध्यक्षता में विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम सभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जल की स्वच्छता,कोविड-19 आदि मसलों पर गहनता से विचार विर्मश किया गया। विश्व जल संरक्षण दिवस पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर के दिव्यांग छात्र आदर्श शर्मा को 1000 का इनाम दिया गया व प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया गया। उधर, ग्राम पंचायत टिब्बी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कुठेड़ा आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक अक्षित चौहान की मौजूदगी में विश्व जल संरक्षण दिवस और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जगरुकता अभियान के बारे में लोगों को जागरूक किया।