सुजानपुर(हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में चल रहे राष्ट्र स्तरीय होली मेले में व्यापार मंदा होने से कारोबारियों के चेहरों पर निराशा छाई हुई है। मेले में सामान की बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं होने से व्यापारियों को प्लॉट खरीदने के बराबर राशि जुटाना भी मुश्किल हो गया है। मेले में प्लॉट खरीदने के दौरान व्यापारियों ने आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते प्लॉटों को दस गुना कीमत पर अपने नाम कर लिया है लेकिन मेले में कारोबार नहीं चलने से उन्हें निराशा हाथ लगी है।
बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष मेले में लोग बहुत कम संख्या में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इससे मेले में सामान की बिक्री नहीं हो पा रही है। वर्तमान में स्कूलों में विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं चली हुई हैं। इसके चलते अभिभावक मेले में आने से गुरेज कर रहे हैं। वहीं मौसम में भी बार-बार परिवर्तन आ रहा है। बारिश होने से विभिन्न दुकानों में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंच रहा है। अधिकांश दुकानदार परीक्षाओं के खत्म होने के बाद सामान की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद लगाए हुए हैं। मेले में दुकानें लगाए हुए दुकानदारों हंसराज, गोपाल, रमेश, अमीचंद, सुरेंद्र आदि ने कहा कि बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष मेले में सामान की बिक्री कम हो रही है इसके पीछे मुख्य कारण ऑनलाइन खरीदारी है। वहीं मौसम भी व्यापार में मंदी लाने का प्रमुख कारण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं खत्म होने के बाद कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।