बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास दियोटसिद्ध की वर्ष 2022 की बजट बैठक उपमंडल अधिकारी बड़सर एवं न्यास अध्यक्ष शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में मंदिर परिसर में हुई। इसमें 22 न्यास सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में वर्ष 2022 के लिए विभिन्न योजनाओं के लिए 25 करोड़ 33 लाख रुपये का अनुमानित बजट पारित किया गया। बैठक में मुख्य योजनाएं जैसे स्वर्णिम यात्री निवास-1 के लिए बजट का प्रावधान करने के साथ-साथ गुफा की पहाड़ी को पक्का करने के लिए 75 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया।
मंदिर परिसर पूर्ण विकास व आधुनिकीकरण के लिए पर्यटन निगम ने एशियन डेवलपमेंट बैंक के सौजन्य से प्रस्तावित परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में न्यास की ओर से संचालित गोशाला के विस्तारीकरण के लिए भी 65 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया। मंदिर परिसर में पौधरोपण के लिए योजना तैयार करने के साथ-साथ इसके लिए 1.50 लाख रुपये बजट रखा गया। सरायों के लिए जनरेटर खरीदने और कंबल दरिया खरीद के लिए बजट का प्रावधान किया गया तथा मंदिर परिसर में यात्रियों की सुविधा व निर्माण कार्यों के लिए 5.82 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। सदाव्रत लंगर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए 38 लाख रुपये गरीब लड़कियों की शादी व बीमारी के लिए अनुदान को 20 लाख, दवाइयों की खरीद के लिए तीन लाख, शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रकार के व्यय के लिए पंद्रह लाख रुपये का प्रावधान किया गया। बैठक के बाद मंदिर न्यास का टेबल कैलेंडर भी लांच किया गया।