हमीरपुर। समय, सुबह के दस बजकर पांच मिनट हुए हैं, मेडिकल कॉलेज के वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ लगी है। पहले वैक्सीन लगवाने की होड़ में लोग सामाजिक दूरी के नियम को भी भूल गए हैं। यहां एक-दूसरे के साथ सटे हुए हैं। एक सुरक्षा कर्मी इन लोगों को वैक्सीन के लिए इंतजार करने को कह रहा है। इस दौरान कुछ लोग कर्मचारी से उलझ रहे हैं। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के वैक्सीनेशन केंद्र और ओपीडी के बाहर जब अमर उजाला की टीम पहुंची तो पाया कि यहां सामाजिक दूरी नियम का कतई भी पालन नहीं किया जा रहा है। वैक्सीनेशन की होड़ में लोग एक-दूसरे से धक्का मुक्की कर रहे हैं। वहीं ओपीडी के बाहर भी लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। मेडिसिन विभाग की ओपीडी की कतार हड्डी और सर्जरी की ओपीडी को जाने वाले रास्ते के बीच लगी हुई है।
इस कारण यहां जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दस बजकर 20 मिनट पर पर्ची काउंटर के बाहर दोनों ओर मरीजों की कतार लगी हुई है। सीनियर सिटीजन का पर्ची काउंटर तो अलग है, लेकिन यहां साथ में थर्मल स्क्रीनिंग बूथ होने के कारण लोगों की भीड़ लगी है। इससे कतार में लगे सीनियर सिटीजन को भी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है और संक्रमण का खतरा है। अस्पताल के कुल मरीजों के 30 फीसदी मरीज सीनियर सिटीजन ही हैं। ओपीडी के बाहर भी इन्हें संघर्ष करना पड़ता है। दस बजर 27 मिनट पर मेडिसिन ओपीडी के बाहर की भीड़ रास्ते में लगे कूलर तक पहुंच गई। यहां सामाजिक दूरी का पालन करवाने के लिए भी कोई कर्मचारी नहीं है। ऐसे में कोरोना लहर की तीसरी लहर से कैसे बचेंगे। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी रोजाना एक हजार के पार हो गई है और यहां न तो सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जा रहा है और न ही वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों की भीड़ को काबू किया जा रहा है। लोगों ने टोकन सिस्टम शुरू कर ओपीडी में सुविधा देने की मांग की है। एमएस डॉ. रमेश चौहान का कहना है कि सुरक्षा कर्मचारी लोगों को सामाजिक दूरी और मास्क के लिए निरंतर कहते हैं। आजकल अस्पताल में भीड़ बढ़ी है, लोगों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाता है।