हमीरपुर। आम आदमी पार्टी की जिला हमीरपुर कार्यकारिणी के सदस्यों ने खालिस्तानी झंडे लगाने के विरोध में मंगलवार को हमीरपुर शहर में धरना-प्रदर्शन किया और खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। धरना-प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के सुदर्शन पटियाल, नादौन विधानसभा अध्यक्ष विकास डोगरा, बड़सर विधानसभा अध्यक्ष रमेश शर्मा, जिला हमीरपुर के वार्ड नंबर 15 जिला परिषद सदस्य और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजीव कुमार सेठी सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भोटा चौक से मिनी सचिवालय तक तमाम कार्यकर्ता प्रदेश सरकार और खालिस्तानी झंडों के विरोध में रैली निकालते हुए पहुंचे। उसके बाद उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और इस शर्मनाक काम को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
जिला परिषद सदस्य और आम आदमी पार्टी के नेता संजीव कुमार सेठी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जयराम के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में धर्मशाला के तपोवन में स्थित विधानसभा भवन के बाहर कुछ लोग सरकार की नाक के नीचे खालिस्तान के झंडे लगाकर चले गए और सरकार को उसकी कानों-कान कोई खबर नहीं लगी। इस घटना से हिमाचल प्रदेश का नाम शर्मसार हुआ है। आज हिमाचल प्रदेश में विधानसभा जैसी जगह ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा का तो सवाल ही पैदा नहीं होता। सरकार का जितना भी खुफिया तंत्र है वो सारा सोया हुआ है। इस घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी ऐसे असामाजिक तत्वों की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे यह साफ झलकता है कि भाजपा सरकार अपने शासनकाल में पूरी तरह विफल रही है और भविष्य में शासन करने के लायक नहीं रही है। इतनी बड़ी घटना होने के बाद कोई कार्रवाई न हो पाने की स्थिति में जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। संजीव सेठी ने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में सरकार एसआईटी का गठन कर केवल लोगों का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। सरकार सच्च में अगर इस मामले की जांच करवाना चाहती है तो सीबीआई या सेवारत न्यायाधीश से इस मामले की जांच करवानी चाहिए। इस मौके पर विमला राठौर, दीपक, धनीराम, शिवराम, जगत राम और सुंदर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।