भोरंज (हमीरपुर)। राजस्थान से लकड़ी मंगवाना भोरंज के एक कारोबारी को महंगा पड़ गया है। लकड़ी मंगवाने के लिए उसने विक्रेता के खाते में ऑनलाइन पेमेंट कर 4.82 लाख रुपये जमा करवा दिए, लेकिन विक्रेता ने न तो लकड़ी की सप्लाई दी और न ही वह दुकानदार के कॉल का कोई जवाब दे रहा है। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर दुकानदार ने पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई है। साइबर सेल से मामला पुलिस थाना भोरंज भेजा गया है।
भोरंज के गांव तन अमरोह का निवासी संजीव कुमार भोरंज में लकड़ी की दुकान करता है। उसने करीब एक माह पहले राजस्थान के एक व्यापारी से दुकान के लिए लकड़ी मंगवाई और उस व्यापारी के खाते में 4.82 लाख रुपये जमा करवा दिए, लेकिन व्यापारी ने न तो लकड़ी भेजी और न ही वह दुकानदार को कोई जवाब दे रहा है। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। एसएचओ भोरंज सूरम सिंह का कहना है कि व्यक्ति ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई थी। जहां से मामला भोरंज थाना। में आया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।