जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत सुनैहल खड्ड पर मनोह पुल का एक हिस्सा अचानक टूट गया। इससे पुल पर से बड़े वाहनों की आवाजाही रुक गई है। रविवार सुबह पुल पर निगम की बस गुजरने के बाद अचानक पुल का एक हिस्सा टूट गया। गनीमत रही कि निगम की बस का टायर इसमें फंसा नहीं। चालक ने बस को एकदम से पुल से निकाल दिया। पुल के टूटने पर लोक निर्माण विभाग ने ड्रम लगाकर पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी से खड्ड के बहाव को भी बदला। विभाग के आठ मजदूर पुल को ठीक करने के लिये वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश की वजह से सुनैहल खड्ड में आई बाढ़ से पुल के साथ भूस्खलन होने के कारण पुल की नींव खोखली हो गई है। इससे पुल का हिस्सा नीचे से धंस कर ऊपर से टूट गया है। पुल की रेलिंग भी जर्जर होकर टूट चुकी है। इससे पुल पर खतरा बना हुआ है। कड़ोहता पंचायत के उपप्रधान विरेंद्र डोगरा, पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य अजीत सिंह, ग्राम सुधार सभा अध्यक्ष बेहडवीं भगत सिंह, रमेश कुमार, सुरेश कुमार, लेखराज, अलबेल सिंह, हेमराज, पुष्पा देवी, व्यासां देवी, मीरा देवी, ध्यान सिंह, कमल कुमार का कहना है कि सुनैहल खड्ड में हो रहे खनन की वजह से पुल को नुकसान हुआ है। उन्होंने पुल की मरम्मत जल्द करने की मांग की है। इधर, लोक निर्माण भोरंज उपमंडल के सहायक अभियंता हरी राम का कहना है कि मनोह पुल के टूटे हिस्से को ठीक करने के लिए कर्मचारी और जेसीबी भेजी गई है। बरसात का मौसम होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी और बाद में इसे पूरी तरह से ठीक किया जाएगा।