हमीरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में 4 एचपी (आई) एनसीसी कंपनी हमीरपुर की ओर से कमांडिंग आफिसर कर्नल एसएस रावत के सूक्ष्म निरीक्षण एवं मार्गदर्शन में चल रहे 10 दिवसीय एनसीसी शिविर में बुधवार को नौवें दिन विविध गतिविधियां हुईं। इसमें कैडेट्स ने पीटी और ड्रिल प्रशिक्षण के बाद हथियार प्रशिक्षण में इन्सास राइफल और 7.56 एसएलआर के साथ बाजू शस्त्र और सलामी शस्त्र का व्यावहारिक ज्ञान हासिल किया। आरटी प्रोसिजर, प्वाइंट 22 राइफल की सफाई, मैप रीडिंग में सर्विस प्रोटेक्टर एवं इसका प्रयोग, विविध विषयों में साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, आपदा के समय एनसीसी कैडेट्स की भूमिका आदि विषयों की जानकारी प्राप्त की। इससे पहले पिछली शाम को अग्निशमन विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से भोरंज चौकी में आग क्या है, आग का वर्गीकरण, आग के प्रकार, फायर कंट्रोल, फायर फाइटिंग पार्टियां, कौन सी आग के लिए कौन से अग्निशामक का प्रयोग होता है, अग्निशमन सिलिंडरों पर एबीसीडी क्यों लिखा होता है आदि विषयों की विस्तृत जानकारी दी और साथ ही आग बुझाने का लाइव डेमो किया। रोल काॅल में सीनियर जेसीओ सूबेदार शशि पाली ने स्वस्थ रहने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए और स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया।