हमीरपुर। जल शक्ति विभाग ने बस स्टैंड हमीरपुर के बाहर मुख्य सड़क पर सीवरेज चैंबर की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। इससे अब लोगों को चैंबर लीकेज की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। दरअसल हमीरपुर शहर के कुछ परिवारों ने अपने घर की छत से डाउन पाइप सीवरेज लाइन से जोड़ रखी हैं। इससे हल्की सी बारिश होने के बाद सीवरेज लाइन में अत्यधिक पानी घुसने से चैंबर लीकेज की समस्या खड़ी हो जाती है। कई बार पानी के अत्यधिक दबाव के कारण चैंबर के ढक्कन भी खुल जाते हैं। जहां यह समस्या है, उसके ठीक सामने हमीरपुर बस स्टैंड है। यात्रियों का इस मार्ग से पैदल चलना फिरना लगा रहता है।
इससे कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, सीवरेज लीकेज के कारण गंदगी से बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। अमर उजाला ने 10 जुलाई के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद रविवार को जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने चैंबर की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, विभाग ने नादौन चौक स्थित सीवरेज चैंबर को भी दुरुस्त कर दिया है। इस चैंबर के अवरुद्ध होने से गंदगी एक दुकान के अंदर घुस गई थी। उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कनिष्ठ अभियंता रमन शर्मा को मौके पर भेजा हुआ है। चैंबर लीकेज की समस्या का समाधान किया जा रहा है। जिन लोगों ने छत के पानी की पाइपें सीवरेज लाइन से जोड़ रखी हैं, उनके सीवरेज कनेक्शन काट दिए जाएंगे।