गलोड़ (हमीरपुर)। बरसात में गलोड़ सहित जिलाभर में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। सब्जियों के दाम में 50 से 70 फीसदी की वृद्धि हो चुकी है। गलोड़ बाजार में में हरा मटर 200 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। कुछ दिन पूर्व 90 से 100 रुपये प्रति किलो दाम था। वहीं बंद गोभी और फूलगोभी 80 रुपये, शिमला मिर्च 100 रुपये, घीया 60 रुपये, बैंगन 50, परबल 60 रुपये, फ्रासबीन 120 रुपये, टमाटर 50 रुपये, भिंडी 60 रुपये, राम तोरी 60 रुपये, अरबी 50 रुपये, करेला 60 रुपये, आलू 25 रुपये, प्याज 30 और खीरा 50 रुपये किलोग्राम बिक रहा है।
पत्ता गोभी इन दिनों रिकॉर्ड महंगी हो गई है। गोभी, हरा मटर, राम तोरी और शिमला मिर्च गृहिणियों की रसोई से दूर होती जा रही है। आम 100 और 150 रुपये, पपीता 60 रुपये, सेब 100 रुपये, नाशपाति 80 रुपये, केला 70 रुपये दर्जन, अनार 200 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है। आम आदमी के लिए बढ़ती महंगाई में गुजारा कर पाना कठिन हो रहा है। गृहिणियों रीता कुमारी, कुसुम कुमारी, मधु शर्मा, विश्वा कुमारी, मोनिका, आरती ठाकुर, इंदु ठाकुर, मीना, लता, मंजुला आदि ने महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की है।