{"_id":"68d6e6e0b7390c4b8b02d0d7","slug":"gst-wing-raids-five-business-establishments-creating-panic-hamirpur-hp-news-c-94-1-hmp1004-168113-2025-09-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hamirpur (Himachal) News: पांच व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पर जीएसटी विंग की दबिश, मचा हड़कंप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hamirpur (Himachal) News: पांच व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पर जीएसटी विंग की दबिश, मचा हड़कंप
Sat, 27 Sep 2025 09:11 PM IST
शिमला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
Updated Sat, 27 Sep 2025 09:11 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। जिले में शुक्रवार को राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र जीएसटी विंग (हेडक्वार्टर पालमपुर) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने जिले के पांच नामी कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर जीएसटी रिकॉर्ड खंगाला जिससे बाजार में हड़कंप मच गया। रिकॉर्ड में खामियों की आशंका के चलते शुरू हुई यह कार्रवाई सुबह नौ बजे से लेकर देर शाम आठ बजे तक जारी रही। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए विभाग की ओर से पांच विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में कुल 22 अफसर और कर्मचारी शामिल थे। सभी टीमें सुबह से ही अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची और प्रतिष्ठानों में छानबीन शुरू की। जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश दी गई, उनमें ज्वेलरी शोरूम, जनरल स्टोर, नामी होटल और रेस्टोरेंट शामिल रहे।
टीमों ने जीएसटी से जुड़े अहम दस्तावेज कब्जे में लिए। कंप्यूटराइज्ड डाटा, बिक्री-खरीद से जुड़े लेन-देन, बिलिंग और रजिस्टर आदि को बारीकी से परखा गया। जहां रिकॉर्ड मौके पर उपलब्ध नहीं हो पाया, वहां कारोबारियों को समय देकर दस्तावेज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। विभागीय सूत्रों का कहना है कि कब्जे में लिए गए सभी रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। इस दबिश की खबर फैलते ही जिलेभर के व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गई। अचानक हुई कार्रवाई से कई कारोबारी सकते में आ गए और अपने रिकॉर्ड को दुरुस्त करने में जुट गए। सुबह से देर शाम तक चली कार्रवाई से बाजार में चर्चाओं का दौर भी तेज रहा। पांच टीमों में विभाग के डिप्टी कमिश्नर और सहायक कमिश्नर मौजूद रहे।
विज्ञापन
खामियां पाए जाने पर बड़े जुर्माने की आशंका
कब्जे में लिए गए रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि जीएसटी रिटर्न में गड़बड़ी या टैक्स चोरी का मामला सामने आता है तो नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। माना जा रहा है कि रिकॉर्ड में खामी पाए जाने पर कारोबारियों को बड़ा जुर्माना लगाया जा सकता है।
विज्ञापन
जीएसटी प्रावधानों के तहत की गई कार्रवाई : राकेश
राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र (जीएसटी विंग) हेडक्वार्टर पालमपुर के संयुक्त आयुक्त राकेश भारतीय ने इस कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पांच व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जीएसटी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। विभाग ने कई दस्तावेज कब्जे में लिए हैं और कुछ कारोबारियों को समय देकर रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।