हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर में रविवार को निंबस टेक फेस्ट का समापन हुआ। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर एचएम सूर्यवंशी ने समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता की। 12 अप्रैल से 14 अप्रैल तक चले इस तीन दिवसीय टेक फेस्ट में रोमांच से भरपूर अनेक गतिविधियां देखने को मिलीं। टेक फेस्ट में संस्थान में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की रोबोवार्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, टेक फेस्ट में इंजीनियरिंग का शानदार कौशल देखने को मिला। तीन दिन तक चले इस फेस्ट में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा और परियोजनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस टेक फेस्ट में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्वास्थ्य शिविर और प्रदर्शनी लगाई गई। इसके अलावा फेस्ट में ऑटो एक्सपो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं, फेस्ट में रोबोवार्स, ड्रोन शो और इसरो के वैज्ञानिकों के अतिथि व्याख्यान आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्रों को अलग अलग टीमों में विभाजित किया गया था।
एनआईटी के विद्यार्थियों ने इस दौरान विभिन्न प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। रविवार को कार्यक्रम की समाप्ति के बाद विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। शनिवार को अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम में इसरो में वैज्ञानिक पद पर कार्यरत समनीत ठाकुर ने छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत करने का मूल मंत्र दिया। वहीं, रविवार को भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान देहरादून के जल संसाधन विभाग के प्रमुख प्रवीण ठाकुर ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्रों को लग्न और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ने का मूलमंत्र दिया। दोनों ही वक्ता पूर्व में एनआईटी के छात्र रह चुके हैं। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर एचएम सूर्यवंशी ने कहा कि निंबस 2024 ने युवाओं को प्रेरित करने और उन्हें तकनीकी क्षेत्र में नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित करने का एक उत्कृष्ट कार्य किया। यह उत्सव सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा और आने वाले वर्षों में भी उन्हें याद रहेगा। इस दौरान छात्र कल्याण डीन डॉ. अशोक कुमार, एसोसिएट डीन डॉ. एसके सोनी, डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. तापस पलाई और डॉ. ओम प्रकाश यादव और संस्थान के विद्यार्थी मौजूद रहे।