हमीरपुर। उद्यान विभाग के विक्रय केंद्र में मंगलवार को बागवानों के लिए कीवी के पौधे पहुंच गए हैं। बागवानों की मांग को देखते हुए विभाग ने कीवी के पौधे उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी अथॉरिटी प्राप्त निजी नर्सरी को पौधों की मांग भेजी थी क्योंकि कीवी के पौधे सरकारी नर्सरी में उपलब्ध नहीं थे। कीवी के साथ विभाग ने अन्य फलदार पौधे बागवानों को उपलब्ध करवाए हैं।
भिदुरकाष्ठ (अखरोट) के 150 पौधे, तेंदु फल के 350 पौधे, पलम के 200 पौधे, कीवी के 30 पौधे हमीरपुर के विक्रय केंद्र में पहुंचे हैं। उद्यान विभाग आजकल सर्दियों के मौसम में लगने वाले पौधे वितरित कर रहा। इससे पूर्व विभाग लगभग 5 हजार के करीब पौधे बागवानों को वितरित कर चुका है। जिले के बागवानों को वातावरण के अनुकूल पौधों की किस्में उपलब्ध करवाई जाती हैं ताकि, जो भी पौधे बागवान रोपें वह आसानी से लग जाएं। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राम लाल संधू ने कहा कि बागवानों को कीवी के साथ अन्य फलदार पौधे भी बागवानों के लिए उपलब्ध करवा दिए गए हैं। बागवान अपने उपमंडल के विक्रय केंद्रों से ये पौधे प्राप्त कर सकते हैं।