रंगस (हमीरपुर)। चार स्कूलों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रंगस, माध्यमिक पाठशाला बन्ह, प्राथमिक विद्यालय रंगस और बन्ह में पहली बार क्लस्टर के तौर पर संयुक्त रूप से वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया। मंच संचालक एवं कार्यक्रम के संयोजक डॉ. जगबीर चंदेल ने कहा कि शायद यह जिला हमीरपुर में पहला ही ऐसा स्कूल होगा जिसके अंतर्गत क्लस्टर के रूप में चार स्कूलों को सम्मिलित करके वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का सामूहिक रूप से आयोजन किया गया हो।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ओएसडी डॉ. गोपाल गौतम मुख्यातिथि और निजी सचिव बीरबल राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि के संबोधन से पूर्व प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट को मुख्यातिथि व अन्य गणमान्य के सामने प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि ने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान लघु नाटिका और रंगारंग प्रस्तुतियों में सभी शामिल प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके अलावा मुख्यातिथि ने परीक्षा परिणामों में मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज करवाने वाले कक्षा दसवीं के शगुन, समीक्षा और सिमरन को सम्मानित किया। वहीं, जमा दो में कला संकाय में प्रथम रहने वाले अभिनंदन, पलक द्वितीय और नेहा तृतीय को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने स्टाफ और बच्चों के साथ नाटी और भंगड़ा भी डाला। इस मौके पर कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता जान मोहम्मद, फांदी खां के अतिरिक्त स्थानीय पंचायत के प्रधान व उप प्रधान और तमाम स्कूल स्टाफ के अलावा जल शक्ति विभाग व लोक निर्माण के अधिकारी भी उपस्थित रहे।