रंगस (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर की रंगस वन बीट में विभाग की टीम ने रात को गश्त के दौरान तीन वन तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा है, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए हैं। टीम ने मौके पर काटी गई खैर की लकड़ी और वाहन को कब्जे में ले लिया है। रंगस बीट में जंगल पी-32 नौहंगी में खैरों के पेड़ों को काटते समय वन काटू हत्थे चढ़े हैं। मौके पर पांचवीं श्रेणी का एक, चतुर्थ श्रेणी का भी एक व तृतीय श्रेणी के चार खैर कटे पाए गए।
वन विभाग ने मौके पर पकड़े तीनों आरोपियों से संयुक्त रूप से 1,28,032 रुपये बतौर जुर्माना राशि नकद वसूल की है। वन खंड अधिकारी सुरेश कुमार और संबंधित बीट के वनरक्षक अर्जुन कुमार ने कहा कि डैमेज रिपोर्ट के आधार पर उपरोक्त धनराशि बतौर जुर्माना वन विभाग ने नकद वसूल कर ली है। खैर की लकड़ी को मौके पर पकड़ी जीप में लादकर विभाग ने अपने कब्जे में लिया है। जिला हमीरपुर के सुरजीत, अशोक और तिलक राज को डैमेज रिपोर्ट काटने के बाद परिवार के हवाले किया। वन परिक्षेत्र अधिकारी नादौन राजीव सूद ने कहा कि विभाग ने आरोपियों से एक लाख 28 हजार 32 रुपये की राशि बतौर जुर्माना वसूल की है। इसके अलावा काटे पेड़ों और एक गाड़ी को विभाग ने अपने कब्जे में लिया है। इस मौके पर वन रक्षक सौरभ व चमन लाल भी गश्त के दौरान टीम के रूप में उपस्थित रहे।