हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर मेंं 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए अलग से पर्ची काउंटर बनाया गया है। यहां बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पर्ची काउंटर की खिड़की बहुत ऊंची है। ऐसे में बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को वहां सीधा खड़ा होने में खासी दिक्कत होती है। ऐसे में कई बुजुर्ग वहां पर लगी पाइप पर खड़ा होकर अपनी डिटेल लिखवाते हैं। कई बार एकदम से नीचे उतरते समय झटका लगने का खतरा बना रहता है। वहीं गर्मियों के इस सीजन में तो बुजुर्गों को बाहर खड़ा होने में खासी दिक्कत होती है।
बुजुर्ग मरीजों लीला देवी, रोशनी देवी, कांता, निर्मला, सलोचना, गिरधारी आदि ने कहा कि बुजुर्गों को खड़ा होने के लिए उचित जगह बनाई जाए ताकि उन्हें समस्याओं का सामना न करना पड़े। कई बार दूसरी कतार इतनी लंबी होती है कि वहां पर खड़ा होने में भी दिक्कत होती है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि पर्ची काउंटर के बाहर शेड बनाया गया है और वहीं दो काउंटर हैं।