{"_id":"58d7f8c64f1c1be1421a3235","slug":"cm-virbhadra-singh-adresses-a-rally-at-bhoranj-bielection-for-party-candidate","type":"story","status":"publish","title_hn":"कांग्रेस जीती तो एक एमएलए बढ़ेगा, हार से कोई फर्क नहीं : वीरभद्र","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कांग्रेस जीती तो एक एमएलए बढ़ेगा, हार से कोई फर्क नहीं : वीरभद्र
ब्यूरो/अमर उजाला, हमीरपुर
Updated Sun, 26 Mar 2017 10:52 PM IST
विज्ञापन
bhoranj election
- फोटो : file photo
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भोरंज के उपचुनाव में कांग्रेस जीतती है तो सरकार में एक एमएलए बढ़ेगा। वहीं, हार से बहुमत में बैठी कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भाजपा विधायक आईडी धीमान के निधन के बाद कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी की किस्मत का दरवाजा खुला है। उन्होंने कहा कि भोरंज में उपुचनाव किसी खुशी में नहीं, बल्कि दुख के माहौल में हो रहे हैं।
विज्ञापन
वीरभद्र ने कहा कि आईडी धीमान राजनीति में आने से पहले उनके पैतृक गांव सराहन में अध्यापक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सराहन के सरकारी स्कूल में आईडी धीमान शिक्षक हुआ करते थे तो स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, लेकिन उनके जाने के बाद परीक्षा परिणाम में भारी गिरावट आई।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने भरेड़ी की जनता से उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला हितैषी होने की बातें करती हैं, लेकिन भोरंज उपचुनाव में कांग्रेस ने एक दलित महिला प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतार कर साबित कर दिया है कि महिलाओं का दुर्ख दर्द बांटने वाली सच्ची पार्टी कांग्रेस ही है।
विज्ञापन
मुझे बख्श दो धूमल साहब, मैं आपकी बेटी समान : प्रोमिला
भरेड़ी में आयोजित जनसभा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल उन पर व्यक्तिगत प्रहार कर रहे हैं। उन्होंने जनसभा में सख्त लहजे में कहा कि मुझे बख्श दो धूमल साहब क्योंकि मैं आपकी बेटी समान हूं। प्रोमिला ने कहा कि वह पहले एक लक्ष्मी की तरह पेश आ रही हैं, लेकिन अगर उन पर व्यक्तिगत हमले किए गए तो वह दुर्गा की तरह इसका बखूबी जवाब देंगी।
धूमल नहीं, भोरंज बचाओ का लगेगा नारा : कौशल
एपीएमसी के चेयरमैन और उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी से टिकटार्थी प्रेम कौशल ने कहा कि उन्हें पार्टी हाईकमान ने भोरंज उपचुनाव में टिकट दिया था। जब मुख्यमंत्री ने उनसे फोन पर महिला प्रत्याशी के बारे में सुझाव मांगा तो उन्होंने ही प्रोमिला के नाम पर सहमति जताई। कौशल ने कहा कि प्रोमिला उनकी छोटी बहन की तरह है, ऐसे में भाजपा प्रत्याशी उनके बारे में दुष्प्रचार नहीं कर सकते। कौशल ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री रहते हुए भोरंज की अनदेखी हुई। भोरंज सिर्फ नाम का उपमंडल है जबकि लोनिवि समेत अधिकतर विभागों के कार्यालय टौणीदेवी और बड़सर में है। भोरंज की जनता को अपने काम करवाने के लिए मीलों दूर जाना पड़ता है। कौशल ने कहा कि इस बार धूमल बचाओ नारा नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने मन बना लिया है कि धूमल नहीं, बल्कि भोरंज बचाओ का नारा लगाया जाएगा।
बागी न भाजपा और न ही कांग्रेस के वफादार : वीरभद्र
पूर्व कांग्रस प्रत्याशी रहे डॉ. रमेश डोगरा के निर्दलीय चुनाव लड़ने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बागी लोग न कांग्रेस और न ही भाजपा के वफादर हो सकते हैं। इस तरह के लोग महज अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं।
ये वरिष्ठ नेता नेता रहे मौजूद
भरेड़ी रैली में ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, एक्साइज मंत्री प्रकाश चौधरी, सीपीएस आईडी लखनपाल, जगजीवन पाल, नंद लाल, राजेश धर्माणी, विधायक किशोरी लाल, बंबर ठाकुर, कुलदीप कुमार, आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा, पूर्व एमपी चंद्र कुमार चौधरी, केसीसीबी के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया, उपाध्यक्ष कुलदीप पठानिया, निदेशक अनिल वर्मा, अनीता वर्मा, पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेश लखनपाल, जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर, उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, चुनाव प्रभारी तिलक राज शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष राजीव मैहर, इंटक के बाबा हरदीप सिंह, जिला अध्यक्ष राजीव राणा और एससी सेल के अध्यक्ष सुरेश कुमार मौजूद रहे।