{"_id":"5a314d804f1c1bd0408bc880","slug":"31513180544-hamirpur-hp-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजीव गांधी थाली योजना फेल, लुट रहे यात्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजीव गांधी थाली योजना फेल, लुट रहे यात्री
Updated Wed, 13 Dec 2017 10:22 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बस अड्डों पर राजीव गांधी थाली योजना के अंतर्गत चल रही कैंटीनों पर यात्री लुट रहे हैं। इन कैंटीनों पर प्रदेश सरकार ने 24 रुपये में प्रति थाली भोजन की घोषणा की थी। इसके साथ ही बस स्टैंड पर सस्ती दरों पर कैंटीन के लिए भवन भी मुहैया करवाया गया। वर्तमान में कुछ कैंटीनों पर यात्रियों से 50 से 60 रुपये वसूले जा रहे हैं। वहीं कई कैंटीनों के बाहर लगाई गई रेट लिस्ट से छेड़छाड़ कर उसे धुंधला कर दिया गया है। निगम के अधिकारियों के पास पिछले दो महीने से शिकायतें भी पहुंच रही हैं। एचआरटीसी प्रबंधन कार्रवाई करने के बजाय मौन बैठा है। जिला प्रशासन भी कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन दे रहा है। प्रदेश सरकार ने करीब छह माह पहले एचआरटीसी के बस अड्डों पर यात्रियों को सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजीव गांधी थाली योजना शुरू की थी। शुरूआती दिनों में तो सब कुछ ठीक चलता रहा लेकिन कुछ माह के बाद कैंटीन संचालक मनमानी पर उतर आए। वहीं कैंटीन संचालक घाटे का तर्क देकर ग्राहकों से ओवरचार्जिंग कर रहे हैं। वर्तमान में इन कैंटीनों पर यात्रियों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। यात्रियों पवन राणा, सुशील कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुरेश राणा, विवेक पठानिया और सुनील ने कहा कि बस अड्डों पर चल रही राजीव थाली योजना की कैंटीनों पर ओवरचार्जिंग हो रही है। शिकायकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने केवल दो-दो चपाती खाई थी, लेकिन जब उन्होंने 24 रुपये कैंटीन मैनेजर को दिए तो उन्होंने लेने से इनकार कर दिया। कैंटीन मैनेजर ने उनसे 50 रुपये वसूले हैं। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर, अड्डा इंचार्ज बलवीर सिंह ने कहा कि उनके पास शिकायतें आई थीं, इसकी जानकारी क्षेत्रीय प्रबंधक को दी जा चुकी है। वहीं एचआरटीसी के डिवीजनल मैनेजर दिलजीत सिंह ने कहा कि बस अड्डों पर राजीव गांधी थाली योजना के अंतर्गत चल रही कैंटीनों पर 24 रुपये में भोजन की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय प्रबंधक को मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जांच के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन