हमीरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए शनिवार को परीक्षा का आयोजन किया गया। इसके लिए जिलाभर में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रवेश परीक्षा का आयोजन सुबह 11.30 से लेकर 1.30 बजे तक किया गया। अभिभावक बच्चों को लेकर परीक्षा केंद्रों में पहुंचे। जिले में प्रवेश परीक्षा के लिए 3061 विद्यार्थियों को रोल नंबर जारी हुए थे। इनमें से 2727 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में दी, जबकि 334 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
नवोदय की प्रवेश परीक्षा के लिए नौ केंद्रों में कड़ी निगरानी मेंं विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नादौन, रावमापा गलोड़, रावमापा सुजानपुर, बाल स्कूल हमीरपुर, रावमापा टौणीदेवी, रावमापा बणी, रावमापा बिझड़ी, रावमापा भोरंज और रावमापा भरेड़ी में परीक्षा केंद्र बनाया गया था। जवाहर नवोदय विद्यालय डुगरी के प्रधानाचार्य विक्रम चौधरी ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है। जिले में परीक्षा के लिए नौ केंद्र बनाए गए थे। उपमंडल स्तर पर परीक्षा केंद्र तय किए गए थे ताकि बच्चों को परीक्षा देने के लिए ज्यादा दूर न जाना पड़े।