हमीरपुर। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 20 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा की गुफा के दर्शन किए। रविवार के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित प्रदेशभर से श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे। शनिवार शाम से ही बाबा की नगरी में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। रविवार पूरा दिन श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर बाबा के जयकारे लगाते हुए गुफा की ओर बढ़े और दर्शन किए।
बरसात के मौसम में पंजाब से अधिकतर श्रद्धालु बाइक व साइकिल पर भी आना शुरू हो गए हैं। यह श्रद्धालु पहले बाबा बालक नाथ के दर्शन करते हैं, फिर प्रदेश में विराजमान पांचों देवियों के दर्शन को जाते हैं। रविवार को गेट नंबर पांच के पास भी गाड़ियों का काफी जमावड़ा लगा रहा। श्रद्धालुओं को जाम में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भक्तों की सुविधा के लिए प्रशासन ने बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई हैं। जहां पर ट्रस्ट की ओर से संचालित सुविधाओं का वर्णन किया जा रहा है। मंदिर अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार के चलते काफी संख्या में श्रद्धालु बाबा बालक नाथ के दर्शन को पहुंचे। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ख्याल रख रहा है।