फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   former cm virbhadra singh statue inauguration in shimla himachal pradesh today

Shimla: सोनिया गांधी ने किया दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, किसने क्या कहा? जानें विस्तार से

Mon, 13 Oct 2025 01:06 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: अंकेश डोगरा Updated Mon, 13 Oct 2025 01:06 PM IST
सार

Virbhadra Singh Statue Unveiling: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण सोनिया गांधी ने किया।

विज्ञापन
former cm virbhadra singh statue inauguration in shimla himachal pradesh today
सोनिया गांधी ने किया वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और मौजूदा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को शिमला पहुंचीं। सोमवार को करीब 11.30 के करीब सोनिया गांधी ने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का आनावरण किया। इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, रजनी पाटिल, सचिन पायलट, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अन्य कांग्रेस नेता हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल हुए। प्रदेशभर से लोग इस कार्यक्रम में भाग लेने आए। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ लोग पहुंचे व नाटी डालते हुए कार्यक्रम में पहुंचे। 

विज्ञापन

 
विज्ञापन
विज्ञापन





इस दौरान कांग्रेस सचिन पायलट ने कहा कि वीरभद्र सिंह हमारे देश के सबसे कद्दावर नेताओं में से एक थे, वे कई बार मुख्यमंत्री रहे, हमने हिमाचल प्रदेश में उनकी विरासत और उनके काम का सम्मान किया है, आज उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है, यह बहुत अच्छा दिन है, हम सभी इसका स्वागत करते हैं। हम उस प्रेरणा को आगे बढ़ाना चाहते हैं जो वीरभद्र सिंह ने न केवल हमारी पार्टी को, बल्कि पूरे देश को दी है।
 

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हम राजा वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देते हैं और उनकी प्रतिमा स्थापित करने के लिए इतने भव्य आयोजन के लिए हिमाचल सरकार को बधाई देते हैं। हिमाचल में उनका बहुत बड़ा योगदान था। हम उन्हें नमन करते हैं।
 


हिमाचल कांग्रेस के पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ल भी रविवार देर शाम शिमला पहुंच गए थे। सोमवार सुबह सोनिया और प्रियंका रिज मैदान पर पहुंची। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण और श्रद्धांजलि के साथ हुआ। इसके बाद उनके जीवन परिचय को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन हुआ।
 


राजनीति की अंतिम पारी तक रहे नॉट आउट रहे वीरभद्र सिंह : मुकेश
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सोमवार को राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हिमाचल के विकास और स्वाभिमान की प्रतिमा स्थापित हुई है। वीरभद्र सिंह वह शख्सियत थे जिन्होंने आधुनिक हिमाचल को नई दिशा दी और जनभावनाओं को सशक्त बनाया। राजनीति के ऐसे खिलाड़ी थे जो अंतिम पारी तक नॉट आउट रहे। वह एक सच्चे जननायक थे, जिनका जनता से भावनात्मक जुड़ाव था। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल के विकास, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने इस समारोह में उपस्थित हो कर वीरभद्र सिंह को जो सम्मान दिया है, उसके लिए हम उनका दिल से आभार व्यक्त करते हैं।

अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह की शुरू की गई कई योजनाएं आज भी प्रदेश में चल रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर शुरू की गई सस्ती राशन योजना, जिसमें दालें, चावल, गेहूं और नमक जैसी वस्तुएं दी जाती थीं, आज भी हिमाचल के हर घर को लाभ पहुंचा रही है। वीरभद्र सिंह की सोच थी कि हिमाचल का पर्यावरण सुरक्षित रहे। इसी सोच के तहत उन्होंने लकड़ी की पेटियों की जगह गत्ते की पेटियों के प्रयोग की शुरुआत की, जो आज भी जारी है। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान अमूल्य रहा, जिसका अमर्त्य सेन जैसे विद्वानों ने भी अपनी पुस्तकों में उल्लेख किया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1971 में इसी स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था। उन्हें पता था कि यह राज्य वित्तीय रूप से सक्षम नहीं है, फिर भी उन्होंने हिमाचल के लोगों की सामाजिक और राजनीतिक आकांक्षाओं का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार ने राज्य की नींव रखी और वीरभद्र सिंह ने उस नींव पर आधुनिक हिमाचल का निर्माण किया। अपने 50 वर्षों से अधिक के राजनीतिक जीवन में उन्होंने 14 चुनाव जीते। उन्होंने 9 बार विधायक, 5 बार सांसद, 6 बार मुख्यमंत्री और 4 बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने की विक्रमादित्य ने उठाई शपथ
लोक निर्माण मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को रिज मैदान से भावुक भाषण दिया। पिता वीरभद्र सिंह के अधूरे सपनों को पूरा करने की विक्रमादित्य ने शपथ उठाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा का अनावरण केवल पत्थर में ढला एक रूप नहीं है। यह जनभावनाओं का प्रतीक है। सच्चा जननेता वह होता है, जो सत्ता को सेवा का माध्यम मानता है और राजनीति को जनसेवा की साधना।

विक्रमादित्य ने कहा कि आज का यह दिन मेरे जीवन के सबसे भावनात्मक क्षणों में से एक है। हम एक ऐसे युगपुरुष की स्मृति को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन हिमाचल की सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया। वीरभद्र सिंह अकसर कहते थे कि सत्ता का अर्थ है जिम्मेदारी और जिम्मेदारी का अर्थ है लोगों के विश्वास पर खरा उतरना। उन्होंने जीवनभर इस मंत्र को जिया। चाहे शिक्षा का विस्तार हो, सड़कें और पुल हों, स्वास्थ्य सेवाओं का विकास हो या युवाओं के लिए रोजगार के अवसर। हर जगह वीरभद्र सिंह की भावना और दृष्टि दिखाई देती है। यह प्रतिमा हमें हर पल यह याद दिलाती रहेगी कि उनके आदर्शों पर चलना है। मुझे गर्व है कि मैं उनका पुत्र हूं, लेकिन उससे भी अधिक जिम्मेदारी का अहसास है कि मुझे उनके आदर्शों को आगे ले जाना है। आज इस प्रतिमा के समक्ष मैं प्रतिज्ञा लेता हूं कि पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए जीवन का हर क्षण जनता की सेवा में समर्पित करूंगा।

शिमला आने के लिए कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमेशा वीरभद्र सिंह पर और हमारे परिवार पर स्नेह व विश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के आशीर्वाद से ही आज हम इस उत्तरदायित्व को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1983 में वीरभद्र सिंह को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया, जिसके बाद विकास का नया अध्याय लिखा गया। विक्रमादित्य ने कहा कि वीरभद्र सिंह केवल एक नाम नहीं थे। वह हिमाचल की आत्मा थे। वह हर किसान में थे, जो खेतों में पसीना बहाता है, हर नौजवान में थे, जो अपने भविष्य के सपने देखता है और हर मां के दिल में थे जो अपने बच्चों के बेहतर कल की उम्मीद रखती है।




सादगी का जीवन जीते हुए, जनता की सेवा का लें प्रण : प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण के मौके पर रिज मैदान शिमला में पहुंचे नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन उनके व कांग्रेस परिवार के लिए अति गौरवशाली है।

इस अवसर पर सभी को सादगी का जीवन जीते हुए जनता की सेवा का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। गांधी परिवार ने वीरभद्र सिंह का सत्कार किया है। सोनिया और प्रियंका गांधी दिल्ली से विशेष तौर पर प्रतिमा के अनावरण के लिए आए हैं। गांधी परिवार ने हमारे जज्बातों का विशेष ध्यान रखा है। पांगी, भरमौर और चंबा जैसे दूरदराज के क्षेत्रों से लोग अपनी श्रद्धांजलि देने के लिए शिमला आए हैं।

सादगी और जनता से जुड़ाव की कांग्रेस की परंपरा को वीरभद्र के बाद सुक्खू ने आगे बढ़ाया : प्रियंका
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस शासित राज्यों की अनदेखी कर रही है। हिमाचल प्रदेश में बारिश, भूस्खलन से भारी तबाही हुई है, मुख्यमंत्री सुक्खू लगातार सहायता मांग रहे हैं मगर केंद्र ने कोई मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि हमें महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं की जरूरत है, जो हमेशा ईमानदारी और सच्चाई के रास्ते पर चलकर लोगों के विकास के लिए समर्पित रहे। प्रियंका ने कहा कि जब वह पिछले चुनावों में प्रचार करने आई थीं, तो लोगों ने उन्हें वीरभद्र सिंह के लोगों से जुड़ाव और उनके सरल व्यवहार के बारे में बताया था। यह कांग्रेस की परंपरा रही है। उन्हें खुशी है कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। सुक्खू भी सरलता व सादगी से हमेशा लोगों की बात सुनते हैं और जनता के बीच जाते हैं। प्रियंका गांधी ने सोमवार को शिमला के रिज मैदान पर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण पर हुए कार्यक्रम में ये बातें कहीं। इससे पूर्व रिज पर दौलत सिंह पार्क में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रिमोट का बटन दबाकर अनावरण किया।

प्रियंका ने कहा कि आज ऐसी राजनीति चाहिए जो देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहे। शिक्षा और रोजगार के साथ हर देशवासी को मजबूत करने की जरूरत है। अफसोस की बात है कि जो सत्ता में केंद्र में हैं, वे ऐसी राजनीति नहीं निभा रहे हैं। इनकी राजनीति सिर्फ चुनाव जीतने और अपनी सत्ता के लिए रहती है। जहां देखते हैं कि कांग्रेस की सरकार है, वहां जनता की जरूरतों को नकारा जाता है। देश को ऐसे नेताओं की जरूरत है, जो पीआर, सोशल मीडिया और इवेंटबाजी से आगे बढ़कर काम करे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी निडर होकर लोगों के मुद्दे उठा रहे हैं। प्रियंका ने सभी से पहाड़ों को बचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी विदित चौधरी, चेतन चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट और दीपेंद्र हुड्डा भी मौजूद रहे।

हिमाचल को आगे बढ़ाने में वीरभद्र का बड़ा योगदान, उनसे बहुत कुछ सीखा : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ाने में वीरभद्र सिंह का बड़ा योगदान रहा है। राजनीति में उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। सोमवार को रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी परिवार का हिमाचल से हमेशा विशेष लगाव रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, जबकि भाजपा के नेता स्टेटहुड को मारो ठूड का नारा लगाते थे। हिमाचल गांधी परिवार का ऋणी रहेगा, जिन्होंने इस प्रदेश के विकास के लिए भरपूर मदद दी।

मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का हिमाचल आने पर स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें तीस साल तक कांग्रेस में वीरभद्र सिंह के साथ काम करने का अवसर मिला। वीरभद्र सिंह को प्रदेश की जनता सड़कों के नेता के रूप में जानती हैं। उन्होंने वीरभद्र सिंह को प्रेरणा स्रोत बताते हुए प्रदेश में सड़क और बिजली नेटवर्क का विस्तार करने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि कोई और नेता वीरभद्र सिंह का श्रेय नहीं ले सकता है। वीरभद्र सिंह प्रदेश के जिस भी क्षेत्र में जाते थे, वहां नई योजनाओं को शुरू करते थे। एक बच्चे की शिक्षा के लिए भी उन्होंने स्कूल खोले। सोनिया गांधी की सोच के चलते ही साल 2010 में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने हिमाचल प्रदेश को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर दिया। केंद्रीय विश्वविद्यालय देने के लिए तत्कालीन केंद्र सरकार ने मंत्री पी चिदंबरम को शिमला भेजा। आज भाजपा नेता इनका श्रेय ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में अपना घर बनाया है, जिससे पर्यटन को फायदा हुआ है।
 

बता दें कि वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे। 1962 में पहली बार लोकसभा सांसद बने और उन्होंने 13 चुनाव लड़े। उन्होंने केंद्र में इस्पात, उद्योग, पर्यटन और लघु उद्योग मंत्री के रूप में भी कार्य किया। 47 वर्षों के राजनीतिक जीवन में वह नौ बार विधायक और पांच बार  सांसद रहे। आधुनिक हिमाचल के निर्माता कहे जाने वाले वीरभद्र सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 8 जुलाई 2021 को उन्होंने शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed