Himachal: एएसपी के खिलाफ डीजीपी को शिकायत, हार्ड डिस्क की होगी एफएसएल जांच; विधायक आशीष शर्मा सरकार पर बरसे
भाजपा विधायक आशीष शर्मा के चाचा प्रवीण शर्मा के क्रशर में पुलिस की छापामारी के मामले में ईमेल के जरिये डीजीपी को शिकायत भेजी है। वहीं, विधायक आशीष शर्मा ने चाचा प्रवीण शर्मा के क्रशर पर पुलिस की छापेमारी को राजनीतिक दबाव में की गई सरकारी लूटपाट करार दिया है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
भाजपा विधायक आशीष शर्मा के चाचा प्रवीण शर्मा के पुंघ खड्ड स्थित क्रशर में पुलिस की छापामारी के मामले में शिकायत डीजीपी तक पहुंच गई है। क्रशर मालिक ने ईमेल के जरिये डीजीपी को शिकायत भेजी है। निजी संपत्ति में अवैध तरीके से घुसने और चोरी करने की शिकायत दी गई है। एएसपी हमीरपुर के खिलाफ दी शिकायत की कॉपी डीसी, एसपी हमीरपुर और एसएचओ सुजानपुर थाना को भी सौंपी गई है। वहीं, साइबर थाना मंडी की एक टीम को जांच के लिए बुधवार को हमीरपुर बुलाया गया, लेकिन अब सीसीटीवी की हाई डिस्क को जांच के लिए एफएसएल लैब भेजने का निर्णय लिया गया है।
क्रशर पर बरामद बजरी और पत्थर की असेसमेंट लोक निर्माण विभाग के माध्यम से शुरू कर दी गई है। क्रशर में पुलिस बल बुधवार को तैनात रहा। पुलिस का दावा है कि क्रशर मालिक अभी तक जांच में शामिल नहीं हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यहां ताजा खनन हुआ है और सामग्री की पैमाइश की जाएगी। क्रशर मालिक का कहना है कि उन्हें पुलिस ने जांच में शामिल होने के लिए न तो मौखिक और न ही लिखित सूचना दी है।
विधायक आशीष शर्मा ने चाचा प्रवीण शर्मा के क्रशर पर पुलिस की छापेमारी को राजनीतिक दबाव में की गई सरकारी लूटपाट करार दिया है। बुधवार को प्रेसवार्ता में आशीष ने जिला पुलिस के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिना वारंट के चाचा के क्रशर में पुलिस कर्मी घुसे और सीसीटीवी की हार्ड डिस्क को जबरन चुराया। पुलिस अधिकारियों को न्यायालय में खड़ा कर निजी संपत्ति में ट्रेस पासिंग करने पर एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि क्रशर में दो केयर टेकर थे, लेकिन घंटों तक उन्हें डराया और धमकाया गया। एएसपी राजेश कुमार ने केयर टेकर को अवैध खनन का झूठा बयान लिखकर हस्ताक्षर के लिए मजबूर किया, लेकिन जब कर्मी ने हस्ताक्षर नहीं किए तो उन्होंने बौखलाहट में सीसीटीवी की हार्ड डिस्क उठा ली। पद का दुरुपयोग कर एएसपी ने एक झूठी एफआईआर उनके परिवार सदस्य के ऊपर दर्ज करवाई है। अगर पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.