शिमला: राहुल की चाय पर बैठक में शामिल हुए सीएम सुक्खू, बुधवार को स्पीति को देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ओर से आयोजित हाई टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री का बुधवार रात स्पीति के रंगरीक में रुकने का कार्यक्रम है। इसके बाद 15 अक्तूबर को सुबह शिमला लौटेंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे नई दिल्ली से शिमला पहुंचे, लेकिन कुछ घंटे रुकने के बाद उन्हें दोबारा दिल्ली जाना पड़ा। वह दोपहर करीब एक बजे अनाडेल मैदान से हेलिकॉप्टर में नई दिल्ली रवाना हुए। मुख्यमंत्री को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ओर से आयोजित हाई टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री का बुधवार रात स्पीति के रंगरीक में रुकने का कार्यक्रम है। इसके बाद 15 अक्तूबर को सुबह शिमला लौटेंगे। राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने नई दिल्ली स्थित आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं, सांसदों और अन्य प्रतिनिधियों को चाय पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। यह बैठक वोट चोरी और मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाई गई। इसमें विपक्ष की एकजुटता और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। इसमें सीएम ने भी अपनी बात रखी।
स्पीति के रंगरीक जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री बुधवार को हिमाचल लौटने के बाद स्पीति के रंगरीक जाएंगे। यहां वह सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे के दौरान क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और जनसभा सहित कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री रोंगटोंग में दो मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र और एक मेगावाट क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। चिदांग तंगती से खार तेलिंग और तंजिट से हिक्किम सड़क का उद्घाटन भी करेंगे। वह काजा के आइस हॉकी मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शाम को वह कीह स्थित वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम करीब 6:05 बजे रंगरीक के मंजूश्री में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। रंगरीक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद करेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.