खज्जियार (चंबा)। साच-पंजियारा-फतेहपुर सड़क अवरुद्ध होने से तीन पंचायतों के लोग परेशान हैं। भारी बारिश के कारण भूस्खलन से यह मार्ग 13 दिन पहले बंद हो गया था। तबसे लेकर अभी तक यहां वाहनों की आवाजाही सुचारु नहीं हो पाई है। कई लोगों के वाहन मार्ग के विभिन्न स्थानों पर फंसे हैं, जो कि मार्ग बहाल होने के बाद ही वहां से निकल पाएंगे। ग्रामीण राजीव कुमार, सुरेंद्र, भाग चंद, किशोर, नारायण, सूरज और प्यार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत खज्जियार, सिंगी और साच के सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं, लेकिन जब से यह मार्ग बंद हुआ है, तबसे उनकी मुश्किलें काफी बढ़ गईं हैं। लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। इसलिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस मार्ग को शीघ्र यातायात के लिए बहाल करवाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि सभी लिंक मार्गों को बहाल करने के लिए मशीनें लगाई हैं। जल्द ही मार्ग को भी यातायात के लिए बहाल करवाया जाएगा।