चंबा। चंबा प्रोग्रेसिव काउंसिल की मासिक बैठक लक्ष्मण क्लब में सीपी सहगल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सदस्यों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित कॉलेज परिसर सरोल में कुछ विभागों की आधी-अधूरी ओपीडी शुरू कर दी गई है लेकिन पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सदस्यों ने कहा कि पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी के कारण मेडिकल कॉलेज रेफरल केंद्र बनकर रह गया है। उन्होंने हाल की कुछ घटनाओं का हवाला देते हुए कॉलेज की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता जताई। परिषद के सदस्यों ने कहा कि एक महिला को उपचार के लिए रेफर किए जाने के बाद उसने अस्पताल से कुछ दूरी पर एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया। वहीं, सेईकोठी से उपचार के लिए लाई गई एक बच्ची की मौत का मामला भी सामने आया। सदस्यों ने इन घटनाओं की जांच करवाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। परिषद ने प्रदेश सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा चिकित्सकों और अन्य आवश्यक स्टाफ की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में पुराने बस अड्डे पर बहुमंजिला पार्किंग स्थल के निर्माण के लिए भवन निर्माण सामग्री पहुंचने पर सदर विधायक नीरज नैयर का आभार जताया गया। परिषद ने लघु सचिवालय, इंडोर स्टेडियम और बालू-पक्का टाला सड़क के धीमी गति से चल रहे निर्माण में तेजी लाने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि इन परियोजनाओं के जल्द पूरा होने से लोगों को सुविधाएं मिलेंगी और शहर में बढ़ती यातायात समस्या से भी राहत मिलेगी। बैठक में डॉ. डीके सोनी, सुरिंद्र भंडारी, मेजर एससी नैयर, वीएम महाजन, खुशाल बख्शी, प्रवीण पुरी, जसवंत सिंह, सुशील कुमार, हमिंद्र सैन और तरुण विज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।