भरमौर(चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत आती ग्राम पंचायत खणी के बरौर गांव में नवविवाहिता के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद भरमौर प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन ने ग्राम पंचायत खणी के तहत आते गांव लाहल, दियोकी, खणी, कुट, खलेली, आरा, लमनोटा, बाहलो, केन्नोटा, दपोटा, दुंडारडा, चंगूई, आन्दो व भरमाणी को सील कर दिया है। अन्य समीपवर्ती ग्राम पंचायत ग्रीमा के गांव बड़ेई, रेहला, चनानी, दिनका, कडोटा को बफर जोन में रखा गया गया है। अब पंचायत में कड़ाई के साथ कर्फ्यू नियम लागू होंगे। प्रशासन ने पंचायत के प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, ग्रामीणों को रोजमर्रा की वस्तुएं पहुंचाने की जिम्मेवारी पंचायत प्रतिनिधियों पर होगी। पंचायत में किसी तरह की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। इस महिला की हाल ही में शादी हुई थी। ऐसे में वीरवार को इस महिला का सैंपल पॉजिटिव आ गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस महिला के प्राइमरी कांटेक्ट की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद प्राइमरी कांटेक्ट में आए लोगों के भी सैंपल जांच के लिए लिए जाएंगे। जिला चंबा में कोरोना मरीजों की संख्या अब 105 पहुंच गई है। एक्टिव केस 32 हो गए हैं। इस महिला को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया है। गौरतलब है कि युवती की शादी 27 जुलाई को लाहल में हुई थी। प्रशासन ने लोगों से भी आह्वान किया है कि वे अगर संपर्क में रहे हैं तो स्वयं कोविड-19 की जांच के लिए आगे आएं। एसडीएम भरमौर मनीष कुमार सोनी ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत खणी के विभिन्न गांवों को सील कर दिया है। साथ ही खणी, ग्रीमा पंचायत के गांव को बफर जोन में शामिल कर दिया है। बीएमओ डॉ. अंकित शर्मा ने बताया कि लाहल क्षेत्र में महिला के संपर्क में आने वाले 55 करीबी रिश्तेदारों के सैंपलों सहित करीबन 65 सैंपलों को शुक्रवार को लिया गया है।