चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा में यूजीसी पे स्केल को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन दसवें दिन भी जारी रहा। हिमाचल राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ की स्थानीय इकाई ने शनिवार को सामूहिक भूख हड़ताल की।
हिमाचल राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ के इकाई सचिव डॉ. मोहिंद्र सलारिया ने कहा कि अगर सरकार जल्द मांगों को पूरी नहीं करती है तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। इसी के तहत शनिवार को सामूहिक भूख हड़ताल की गई। कहा कि उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन का बहिष्कार पहले ही किया जा चुका है। उनकी मुख्य मांगों में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के साथ ही एमफिल और पीएचडी की इंक्रीमेंट को बहाल करना, कांटेक्ट पीरियड को रेगुलर सर्विस बेनिफिट में शामिल करना, प्रिंसिपल की डीपीसी करवाना, कॉलेज प्राध्यापकों को पीएचडी करवाने की व्यवस्था करना और कॉलेज प्रोफेसरों के पद का सृजन करना शामिल हैं। इसी शृंखला में जिले के अन्य कॉलेजों में भी सामूहिक भूख हड़ताल जारी है। महाविद्यालय भरमौर, तीसा, पांगी, भलेई, तेलका, सिहुंता, लिल्हकोठी और सलूणी में प्राध्यापकों ने धरना-प्रदर्शन कर सामूहिक हड़ताल की।