{"_id":"5a36a4864f1c1b8e698c25d0","slug":"141513530502-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर
Updated Sun, 17 Dec 2017 10:46 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
पवन नैयर को जीत की जरूरत, नीरज के कंधे पर हर्ष महाजन की प्रतिष्ठा
ठाकुर सिंह भरमौरी, आशा कुमारी को दूसरी पर जीतने की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला के पांच विस क्षेत्रों में से चंबा सदर, भरमौर और डलहौजी विस क्षेत्र से किस प्रत्याशी की जीत होती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। इस तीन विस क्षेत्रों से दिग्गज नेता चुनावी समर में होने से ये विस क्षेत्र हॉट सीट की सूची में शुमार हो गए हैं। यहां चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के अलावा दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हैं। चंबा सदर से जहां दो बार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले पवन नैयर है तो वहीं पूर्व मंत्री हर्ष महाजन के खासमखास नीरज नैयर के बीच जबरदस्त टक्कर मनी जा रही है।
गौरतलब है कि वर्ष 2007 और 2012 में विस चुनावों केे दौरान पवन नैयर को कांग्रेस ने टिकट दिया। मगर हर्ष महाजन ने पवन नैयर के लिए एक बार भी प्रचार नहीं किया। दोनों बार पवन नैयर चंबा सदर से कांग्रेस के प्रत्याशी थे। मगर दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस बार के चुनावों में आचार संहिता लगने के कुछ ही दिनों बाद पवन नैयर ने जहां भाजपा ज्वाइन कर पार्टी टिकट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने खुलासा भी किया कि दो बार उनकी हार की वजह कोई ओर नहीं बल्कि पूर्व मंत्री हर्ष महाजन रहे हैं। पवन नैयर के इस बयान के बाद सदर में सियासत गर्मा गई थी। इसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने नीरज नैयर को चंबा सदर से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किया तो उसके कुछ दिनों बाद ही हर्ष महाजन ने जहां सोशल मीडिया में नीरज नैयर के पक्ष में वोट की अपील की तो वहीं अर्की विस क्षेत्र की जिम्मेवारी होने के बावजूद चंबा में नीरज नैयर का प्रचार करने के लिए दो दिन निकाले। इन दो दिनों में हर्ष महाजन ने तूफानी प्रचार करते हुए पूरे विस क्षेत्र के मतदाताओं की नब्ज टटोली। इससे साफ जाहिर है कि इस बार के चुनावों में जहां पवन नैयर को गोल्डन चांस है तो वहीं हर्ष महाजन की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। नीरज जीते तो हर्ष महाजन को इसका श्रेय जाएगा और अगर पवन जीते तो उन्हें राजनीति में जीत की संजीवनी मिलेगी। दूसरी ओर वर्ष 2012 का चुनाव जीतने के बाद सरकार में वन मंत्री बने ठाकुर सिंह भरमौरी भी मंत्री बनने के बाद हारना नहीं चाहेंगे। वहीं जिया लाल कपूर भी जीत का खाता खोलना चाहेंगे। इस चुनाव में वन मंत्री की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। विस क्षेत्र डलहौजी से कांग्रेस प्रत्याशी आशा कुमारी लगातार दूसरी बार जीतना चाहेंगी। जबकि भाजपा ने डलहौजी सीट पर विजयी पताका लहराने के लिए नये चेहरे को मौका दिया है। ऐसे में विस चुनाव 2017 में भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर भी तगड़ी टक्कर आशा को देंगे। कुल मिलाकर 18 दिसंबर का दिन पवन नैयर, हर्ष महाजन, ठाकुर सिंह भरमौरी और आशा कुमारी के लिए काफी महत्वपूर्ण रहेगा। यहीं से उनके भविष्य की दशा और दिशा निर्धारित होगी।
विज्ञापन