रिश्वत मामला: आयकर विभाग अफसर के फ्लैट में सीबीआई की दबिश, लैपटॉप और पेनड्राइव जब्त
सीबीआई टीम ने थ्री बीएचके फ्लैट की तलाशी लेकर पेनड्राइव, मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज कब्जे में लिए। अब इन उपकरणों में मौजूद डाटा को खंगाला जा रहा है।
विस्तार
रिश्वत मांगने के आरोप में जांच के घेरे में आए आयकर अधिकारी वरुण खारी के बनूटी स्थित किराये के आवास पर बुधवार को सीबीआई की टीम ने दबिश दी। टीम ने थ्री बीएचके फ्लैट की तलाशी लेकर पेनड्राइव, मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज कब्जे में लिए। अब इन उपकरणों में मौजूद डाटा को खंगाला जा रहा है। हालांकि, अधिकारी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी। सीबीआई ने आरोपी अधिकारी से दूसरे दिन भी पूछताछ की। इससे पहले मंगलवार को उनसे करीब सात घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे। जांच के दौरान शिकायत के सत्यापन में तैयार डिजिटल वॉयस रिकॉर्डर की ऑडियो क्लिप और मामले से जुड़ी कथित कॉल रिकॉर्डिंग को भी जांच का आधार बनाया गया है। सीबीआई अधिकारी से कथित लेनदेन, संपर्कों और मामले से जुड़ी बातचीत के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप
मामला सोलन के एक कारोबारी की आयकर देनदारी से जुड़ा है। सीबीआई के अनुसार कारोबारी की करीब 17.94 लाख रुपये की आयकर देनदारी कम कराने और मामला निपटाने के एवज में पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत मामला दर्ज किया था।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से खंगाले जाएंगे संपर्क
सीबीआई ने अधिकारी के आवास से जब्त मोबाइल, लैपटॉप और पेनड्राइव समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। इनके डाटा से अधिकारी के संपर्कों, कथित लेनदेन और मामले से संबंधित बातचीत के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि कथित रिश्वत के मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
नीचे सीबीआई, ऊपर आयकर विभाग... फिर भी चलता रहा खेल
एक फ्लोर पर सीबीआई का दफ्तर है और उससे ऊपर आयकर विभाग का कार्यालय। बावजूद यह खेल चलता रहा। इसी आयकर कार्यालय में तैनात अधिकारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।