संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैहल में मंगलवार को जिला स्कूली क्रीड़ा संगठन बिलासपुर के तत्वावधान में जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिले के पांच शिक्षा खंडों से करीब 270 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ बाबा खड़क सिंह आनंदपुर साहिब वालों ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम, दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और प्रतियोगिता के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि, खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पहाड़ी नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का मंच संचालन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दबट के पीई कमलदेव ने किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर बैहल स्कूल परिसर में खेलमय माहौल बना हुआ है। स्कूल प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।