बिलासपुर। होटल में पुत्री की शादी करने आई महिला को बदमाश ने कपड़ों पर दाग लगे होने को बाथरूम में भेज दिया। जैसे ही महिला हटी, बदमाश जेवर भरा बैग लेकर भाग निकला। बैग गायब होने से बरात में हड़कंप मच गया। बारातियों की तलाशी भी ली गई, मगर बैग का कहीं भी पता नहीं चल सका। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले तो एक युवक बैग ले जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंह नगर की जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार के पति सुरेश गंगवार के गांव बरा थाना सितारगंज जिला ऊधमसिंह नगर निवासी संबंधी भगवानदास गंगवार की पुत्री हर्षिता की शादी मंगलवार की रात नगर में रामपुर रोड स्थित अमरदीप होटल में थी। बरात रामपुर से आई थी। भगवानदास के पुत्र शुभम गंगवार के मुताबिक, रात करीब तीन बजे उसकी मां चंद्ररेखा देवी गंगवार होटल के एक कमरे में कुछ अन्य रिश्तेदार महिलाओं के साथ थीं। उसकी मां के पास दो बैग थे, जिसमें एक बैग में दुल्हन के करीब सात लाख रुपये के जेवर थे तथा दूसरे बैग में अन्य सामान था। रात करीब तीन बजे अचानक होटल के कमरे में एक युवक पहुंचा और उसने चंद्ररेखा को बताया कि उनकी साड़ी पर सब्जी लगी हुई है। महिला ने अपने दोनों बैग कमरे में बेड पर रख दिए और कमरे के बाथरूम में साड़ी धोने चली गईं। इस दौरान अचानक पूरे होटल की बिजली गुल हो गई। कुछ ही देर के बाद बिजली आ गई तो महिला ने बेड पर रखा जेवर से भरा बैग गायब देखा तो उसके होश उड़ गए। महिला ने शोर शराबा मचा दिया। शोर शराबा सुनकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। बरात खासकर कमरे में मौजूद महिलाओं की तलाशी भी ली गई, मगर बैग नहीं मिल सका। सूचना पाकर डायल 112 पुलिस भी पहुंच गई। महिला ने पुलिस को सारी घटना बताई। पुलिस ने होटल के मैनेजर सुरेश कुमार बिष्ट को भी बुला लिया। मैनेजर ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों को सर्च कराया तो एक युवक कमरे से निकलता हुआ दिखाई दिया। महिला के पुत्र शुभम ने अज्ञात युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष पति ने बताया कि बैग में करीब सात लाख रुपये के जेवर रखे थे।