शाहतलाई(बिलासपुर)। पिछड़ा क्षेत्र कोटधार के जड्डू में जंगली जानवर को बचाते समय एक कार सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में कार चालक, जो कि सैनिक बताया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाल कर सीएचसी बड़सर पहुंचाया, लेकिन वहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कडोहघाट निवासी राजेश कुमार पुत्र जोगिंद्र सिंह जो सेना से घर पर छुट्टी आया हुआ था। राजेश कुमार अपनी गाड़ी नंबर 89-1048 की वीरवार सुबह सर्विस करवाने के लिए हमीरपुर जा रहा था। तभी जड्डू के पास झाड़ियों में से जंगली जानवर निकला और गाड़ी के ऊपर छलांग लगा दी। इस जंगली जानवर को बचाते समय गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई। इस कारण राजेश कुमार घायल हो गया। स्थानीय लोग हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और राजेश कुमार को कार से बाहर निकाल कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़सर ले गए। उधर पुलिस उपमंडलाधिकारी अनिल ठाकुर ने बताया कि जड्डू में एक निजी गाड़ी जंगली जानवर को बचाते समय सड़क से नीचे गिर गई। इस हादसे में सेना का जवान जो छुट्टी काटने अपने घर आया था वो गंभीर रूप से घायल हुआ है। कहा कि उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में तलाई थाना में केस दर्ज कर लिया है।