बिलासपुर। जिलेभर में सोमवार को दिवाली धूमधाम से मनाई गई। कोरोना महामारी के चलते पिछले दो सालों से दिवाली बड़े ही सादगी से मनाई गई थी। लेकिन इस बार लोगों ने कोई कसर नहीं छोड़ी।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर स्थित विजयपुर में अपने घर पर परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। वहीं सदर पुलिस थाना में महिलाकर्मियों ने भी रंगोली बनाकर दिवाली मनाई। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार भी थाना पहुंचे और पुलिसकर्मियों को मिठाई बांटी। घुमारवीं, बिलासपुर, झंडूता और श्री नयनादेवी जी में दिवाली श्रद्धापूर्वक मनाई गई। दिवाली से कुछ दिन पहले ही बाजार सजे दिखने लगे थे। दिवाली में चारों ओर इमारतें और घर रंग-बिरंगी लाइटों और दीयों से रोशन दिखे। दिवाली पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां और अन्य तोहफे देकर शुभकामनाएं दी। बाजारों में भी पूरे दिन तक रौनक छाई रही। इसके बाद लोगों ने लक्ष्मी और गणेश की पूजा कर शाम ढलते ही खूब पटाखे भी फोड़े। हालांकि रात 10 बजे के बाद पटाखों पर प्रतिबंध था। लेकिन कई लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर पटाखे फोड़े। वहीं, दिवाली के अवसर पर लोगों ने दिन की शुरुआत इंटरनेट मीडिया पर अपने जानकारों को बधाइयां देने से की। फेसबुक, वाट्सएप आदि पर दिवाली के मैसेज दिनभर चलते रहे। जो लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से नहीं मिल सके। उन्होंने फोन पर ही शुभकामनाएं दीं। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो डालकर लोगों ने दिवाली का जश्न भी मनाया।