Himachal: हत्या के प्रयास मामले में पेशी पर आए आरोपी पर बिलासपुर कोर्ट के बाहर दागी गोलियां
हत्या के प्रयास मामले में पेशी भुगतने आए आरोपी घुमारवीं निवासी सौरभ पटियाल पर गुरुवार दोपहर बाद करीब 1:15 बजे जिला कोर्ट के बाहर गोलियां चलाई गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हत्या के प्रयास मामले में पेशी भुगतने आए आरोपी घुमारवीं निवासी सौरभ पटियाल पर गुरुवार दोपहर बाद करीब 1:15 बजे जिला कोर्ट के बाहर गोलियां चलाई गईं। एक गोली आरोपी सौरभ की पीठ पर लगी और दूसरी एक गाड़ी के शीशे पर जा लगी। हमला कोर्ट परिसर से 50 मीटर दूर उस समय हुआ, जब आरोपी बाहर निकल रहा था। घायल को तुरंत उपचार के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। इसी बीच सौरभ के साथियों ने गोली चलाने वाले आरोपी को पकड़ लिया और मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने गोलियां देसी कट्टे से चलाईं।
गोली मारने वाले आरोपी की पहचान सन्नी गिल निवासी किरा मोहल्ला लुधियाना मकान नंबर 1870/91 के रूप में हुई है। इन दिनों वह आनंदपुर साहिब में रह रहा है। सन्नी पर पंजाब पुलिस में हत्या सहित तीन केस दर्ज हैं। डीआईजी मंडी रेंज जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की छानबीन करेगी। गोली चलाने वाले आरोपी को देसी कट्टे समेत गिरफ्तार किया गया है। मामले की सीसीटीवी फुटेज भी निकाल ली गई है। आरोपी प्रोफेशनल शूटर नहीं है। इस मामले में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
बंबर के बेटे से पूछताछ, सरकारी आवास के बाहर लगाई पुलिस
हमले के बाद पुलिस ने मामले में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के बेटे से भी पूछताछ की। शाम को बंबर की पत्नी के सरकारी आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी। बंबर भी इसी आवास में रहते हैं। आवास के बाहर सुरक्षा के लिए करीब एक दर्जन पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
जिस पर गोलियां चलीं, वह पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमले का भी मुख्य आरोपी
जिला कोर्ट परिसर के बाहर घुमारवीं के जिस सौरभ पटियाल पर पंजाब के युवक ने गोलियां चलाईं, वह सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के साथ तीन माह पहले हुई मारपीट के मामले में भी मुख्य आरोपी है।
डीआईजी ने बताया कि पुलिस इस मामले में आरोपी के खुद पर हमला कराने की साजिश रचने और हमला कराने सहित हर पहलू की जांच करेगी, ताकि इसके पीछे जुड़े दोषियों तक पहुंचा जा सके। आशंका है कि मामले में और आरोपी भी जुड़े हो सकते हैं।
बंबर ने दी सफाई, बोले- हमले का आरोप िनराधार
कोर्ट के बाहर गोलियां चलाने के मामले के बाद पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर सफाई दी। बोले, जिस पर गोली चली है उसके साथ कई लोगों की रंजिश है। उन पर हमला कराने का जो आरोप लगाया जा रहा है, वह निराधार है। यह उनके बेटों और उन्हें बदनाम करने की साजिश है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.