वन-वे व्यवस्था से छोटे वाहनों की आवाजाही रही जारी, यात्रियों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी-चंडीगढ़ वाया सिसवां मार्ग पर भैरव मंदिर के समीप चढ़ाई में एक बड़ा ट्राला फंस जाने से लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, करीब शाम 5 बजे चंडीगढ़ की ओर से आ रहा एक ट्राला चढ़ाई में बीच रास्ते में रुक गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। स्थिति को देखते हुए छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों को वन-वे व्यवस्था के तहत बारी-बारी से निकाला गया। बद्दी-चंडीगढ़ मार्ग पर एचआरटीसी और सीटीयू की बसों का भी संचालन होता है, लेकिन जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी कृष्ण कौशल ने बताया कि ट्राला चढ़ाई में रुक जाने के कारण अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग भारी वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है, लेकिन शॉर्टकट के कारण कई वाहन चालक इसका उपयोग करते हैं। यह सड़क मूल रूप से छोटे वाहनों और औद्योगिक उपयोग के लिए बनाई गई थी, लेकिन अब भारी वाहनों की आवाजाही भी होने लगी है, जिससे ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि ट्राला फंसने के कारण मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है और दोनों ओर से बारी-बारी वाहनों को निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस की मदद से ट्राला को हटाने का कार्य जारी है और जल्द ही मार्ग को सुचारू कर दिया जाएगा।