जगाधरी। यमुनानगर-जगाधरी मार्ग पर सेक्टर-17 मोड़ के पास बाइक सवार बदमाश ई-रिक्शा में बैठी महिला का पर्स झपट कर फरार हो गया। पर्स में महिला के सोने के कड़े, दस हजार की नकदी और राखी बांधने पर भाई द्वारा दिया गया गिफ्ट था। महिला अपने भाई को राखी बांधकर अपने काम पर सेक्टर-17 में जा रही थी। सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस व सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फर्कपुर निवासी फूलवती सेक्टर-17 में लोगों के घरों में काम करती है। उसने बताया कि 11 अगस्त को भद्रा के कारण वह रविवार को शुभ मुहूर्त में भाई को राखी बांधने गई थी। राखी बांधने के बाद रविवार देर शाम को वह सेक्टर 17 में अपने काम पर जा रही थी। महिला ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक से वह एक ई-रिक्शा में बैठी। उसने अपना पर्स गोद में रखा हुआ था। जब वह सेक्टर-17 के मोड़ के पास पहुंची तो बाइक पर सवार होकर एक युवक आया। इससे पहले वह कुछ समझ पाती बाइक सवार युवक ने उसकी गोद में रखा पर्स छीन लिया। इसके बाद वह बाइक की गति तेज कर वहां से फरार हो गया। पर्स में दो सोने के कड़े, दस हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, राखी बांधने पर भाई द्वारा दिया गया गिफ्ट और अन्य सामान था। उसने शोर मचाया और ई-रिक्शा चालक की मदद से उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर 17 थाना प्रभारी रामपाल व सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सेक्टर 17 थाना प्रभारी रामपाल का कहना है कि मामले में अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।