{"_id":"6a741f95eefe265af30ebaa7","slug":"speeding-porsche-hit-a-divider-a-pole-and-an-electric-pole-and-overturned-in-sector-17-yamunanagar-2026-08-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"यमुनानगर में हादसा: सेक्टर-17 में तेज रफ्तार पोरशे डिवाइडर, पोल और बिजली के खंभे से टकराकर पलटी, एक गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यमुनानगर में हादसा: सेक्टर-17 में तेज रफ्तार पोरशे डिवाइडर, पोल और बिजली के खंभे से टकराकर पलटी, एक गंभीर
Thu, 06 Aug 2026 11:15 AM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Thu, 06 Aug 2026 11:15 AM IST
सार
चंडीगढ़ नंबर की पोरशे कार जिमखाना क्लब की ओर से पंचायत भवन की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार सेक्टर-17 स्थित शिव मंदिर के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और तेज रफ्तार में स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गई।
विज्ञापन
चंडीगढ़ नंबर की पोरशे कार
- फोटो : संवाद
विस्तार
यमुनानगर के सेक्टर-17 क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार लग्जरी पोरशे कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई, फिर स्ट्रीट लाइट के पोल को उखाड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर जा पहुंची। इसके बाद कार बिजली के खंभे और पेड़ के कंक्रीट फाउंडेशन से टकराकर पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके सभी एयरबैग खुल गए। कार में सवार एक ही परिवार के कई सदस्य, जिनमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं, घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ नंबर की पोरशे कार जिमखाना क्लब की ओर से पंचायत भवन की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार सेक्टर-17 स्थित शिव मंदिर के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और तेज रफ्तार में स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल अपने बेस से उखड़ गया। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और सड़क पार करते हुए बिजली के खंभे से जा टकराई। पलटते समय वह पेड़ के कंक्रीट फाउंडेशन से भी भिड़ गई, जिससे फाउंडेशन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि देर रात अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि लग्जरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पलटी हुई थी और उसमें लोग फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए एंबुलेंस और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार में एक परिवार सवार था। दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि हादसे में घायल लोगों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार यमुनानगर का रहने वाला है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।