अंबाला रोड स्थित एफसीआई गोदाम पर बुधवार को चावल मिल संचालकों ने जमकर हंगामा किया। राइस मिलर्स ने अधिकारियों पर माल तुलाई के नाम पर अवैध रूप से सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। इसे लेकर मिलर्स ने गोदाम के गेट पर नारेबाजी की। इन्होंने कहा कि अधिकारी जानबूझकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। विभागीय कार्यप्रणाली मिलर्स के खिलाफ होती जा रही है। इसे लेकर अब मिलर आला अधिकारियों व सीएम को शिकायत करने की बात कह रहे हैं।
अंबाला रोड स्थित एफसीआई गोदाम पर मिलर्स ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सरस्वती राइस मिल संचालक सतीश सिंघल, गायत्री मिल संचालक विपिन, सहित नीलम कुमार, सौरभ, सचिन व गुरमुख सिंह ने बताया कि गोदाम पर अधिकारियों द्वारा मिलर्स को परेशान किया जा रहा है। गोदाम में ट्रक लाने से पूर्व बाहर लगे कांटे पर वाहन सहित माल की तुलाई होती है। जिसके कांटे वाले को रुपये दिए जाते हैं। लेकिन अब तुलाई के नाम पर 1800 रुपये अधिक मांगे जा रहे हैं। वहीं इस रुपये की उन्हें कोई रसीद भी नहीं दी जा रही है। मिलर्स ने बिना रसीद रुपये देने से मना कर दिया तो उन्हें परेशान किया जाने लगा। इस बारे वे आला अधिकारियों सहित सीएम से शिकायत करेंगे। इस बारे एफसीआई डीएम अनमोल ने कहा कि मिलर्स के आरोप निराधार है। इस बारे अभी तक उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। यदि मिलर्स को परेशान है तो वे उन्हें व जीएम को शिकायत दे सकते हैं। जिस पर जांच के साथ कार्रवाई की जाएगी।