यमुनानगर में एनकाउंटर में गैंगस्टर भीम ढेर: हथियार, जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद, अयोध्या का रहने वाला था मृतक
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भीम मूल रूप से अयोध्या का रहने वाला था, लेकिन हाल ही में वह यमुनानगर के आजाद नगर में रह रहा था। कुछ दिन पहले उसने कारोबारी बॉबी और कपड़ा व्यापारी रवि के घर पर फायरिंग की थी।
विस्तार
यमुनानगर जिला पुलिस ने गैंगस्टर विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार तड़के रतौली-खेड़ा रोड पर पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर भीम के बीच हुई मुठभेड़ में भीम मारा गया। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या के प्रयास, नशा तस्करी और अवैध हथियारों जैसे 7-8 गंभीर मामलों में वांछित था।पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि भीम रतौली-खेड़ा रोड पर मौजूद है।
जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें करीब 15 राउंड पुलिस की ओर से और 8-9 राउंड भीम की ओर से चलाए गए। इस दौरान एक गोली पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, लेकिन कोई जवान घायल नहीं हुआ। मुठभेड़ में भीम को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भीम मूल रूप से अयोध्या का रहने वाला था, लेकिन हाल ही में वह यमुनानगर के आजाद नगर में रह रहा था। कुछ दिन पहले उसने कारोबारी बॉबी और कपड़ा व्यापारी रवि के घर पर फायरिंग की थी, जिससे शहर में दहशत फैल गई थी। मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने एक हथियार, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। एसपी गोयल ने कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों को कड़ा संदेश देती है कि यमुनानगर पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.