फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Yamuna Nagar News ›   अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया श्रद्धालुओं से भरा कैंटर, एक की मौत, पांच घायल

अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया श्रद्धालुओं से भरा कैंटर, एक की मौत, पांच घायल

Sun, 06 Aug 2017 01:32 AM IST
Updated Sun, 06 Aug 2017 01:32 AM IST
विज्ञापन
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया श्रद्धालुओं से भरा कैंटर, एक की मौत, पांच घायल
पेड़ से टकराया श्रद्धालुओं से भरा कैंटर, एक की मौत, पांच घायल
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर गांव दामला के पास शनिवार अलसुबह श्रद्धालुओं से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। हादसे में 50 वर्षीय एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि पांच श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से एक श्रद्धालु की हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। कैंटर में करीब 30-35 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान में बागड़ यात्रा से अपने गांव धर्मकोट लौट रहे थे। मृतक व्यक्ति के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।
बिलासपुर क्षेत्र के गांव धर्मकोट से श्रद्धालुओं का जत्था एक अगस्त को राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ में गोगामाड़ी दर्शन (बागड़ यात्रा पर जाने) के लिए रवाना हुआ था। इस यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से करीब 30-35 श्रद्धालु एक कैंटर में सवार होकर निकले थे। यात्रा पूरी होने के बाद सभी श्रद्धालु शुक्रवार रात कैंटर में सवार होकर वापस धर्मकोट लौट रहे थे। इधर, शनिवार अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे जब कैंटर सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर गांव दामला के नजदीक पहुंचा तो वह अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं से भरा कैंटर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। इससे कैंटर में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई, हादसे में तकरीबन छह श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने धर्मकोट निवासी केहर सिंह (50) को मृत घोषित किया। इसके अलावा कैंटर में सवार घायल गांव झज्जू नगला निवासी अजय, गांव जटहेड़ी निवासी सतपाल, सतीश कुमार, मेहर चंद व गांव अकालगढ़ निवासी पृथ्वी सिंह को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। झज्जू नगला निवासी अजय की हालत में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
विज्ञापन

फट्टे के बनाए स्टेप पर बैठे श्रद्धालु ही हुए अधिक घायल :
कैंटर में बच्चों और महिलाओं सहित 30-35 श्रद्धालु सवार थे। श्रद्धालु अधिक होने के कारण कैंटर में बैठने के लिए एक स्टेप लकड़ी के फट्टे लगाकर बनाया हुआ था। पुरुष श्रद्धालु इस पर बैठे हुए थे। श्रद्धालुओं के अनुसार पेड़ से टकराने के दौरान सफेदे का मोटा टाहना फट्टे से बने स्टेप के ऊपर बैठे श्रद्धालुओं से टकराया। जिससे केहर सिंह की मौत हो गई, वहीं पांच अन्य श्रद्धालु घायल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरे वाहन की तेज लाइट पड़ने पर अनियंत्रित हुआ कैंटर
घायल सतपाल ने बताया कि जब वे सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर दामला के पास पहुंचे तो यमुनानगर की तरफ से रादौर की तरफ कोई वाहन आ रहा था। सामने से आ रहे वाहन की लाइट बहुत तेज थी जो सीधे आंखों पर पड़ रही थी। लाइट लगने से कैंटर चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया। जिससे कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से टकरा गया। काफी देर तक तो श्रद्धालुओं को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।
झटका लगते ही जागे श्रद्धालु, मचा हाहाकार
घायलों के अनुसार यात्रा से लौटते समय श्रद्धालुओं ने कैंटर कुरुक्षेत्र के लाडवा में रुकवा लिया था। यहां पर श्रद्धालुओं ने एक ढाबे पर चाय-पानी पीया और अपने घर के लिए रवाना हो गए। जिस समय हादसा हुआ उस समय अधिकतर श्रद्धालु कैंटर के अंदर सोए हुए थे। जैसे ही कैंटर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया तो सभी सोए हुए श्रद्धालु झटका लगते ही जाग गए। हादसे के बाद कैंटर में हाहाकार मच गया।
फोन पर सूचना तो घटनास्थल पर दौड़े परिजन
हादसे की सूचना श्रद्धालुओं ने उसी समय गांव धर्मकोट में फोन पर दी। सूचना मिलने पर घायलों व मृतक के परिजन घटनास्थल पर दौड़े आए। मृतक केहर सिंह के भाई अमरनाथ ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े तीन बजे के बाद उनके पास फोन आया कि बागड़ यात्रा पर गया कैंटर दामला के पास एक पेड़ से टकरा गया है। सूचना पाते ही वे मौके पर पहुंचे। यहां देखा कि उसका भाई बेसुध पड़ा है। उसने अन्य श्रद्धालुओं की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई।

कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गांव दामला के नजदीक हुए हादसे की सूचना पर पुलिस मौके गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि पांच अन्य घायल हुए है। इनमें से एक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। मामले में कैंटर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
- गुरमेल सिंह, एसएचओ, थाना सदर यमुनानगर।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed