{"_id":"661f1b5ff9254a8cc4073364","slug":"corporation-sealed-two-shops-being-built-after-getting-the-map-of-residential-building-passed-yamuna-nagar-news-c-246-1-sknl1019-117491-2024-04-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamuna Nagar News: रिहायशी भवन का नक्शा पास करवाकर बनाई जा रही दो दुकानें निगम ने की सील","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamuna Nagar News: रिहायशी भवन का नक्शा पास करवाकर बनाई जा रही दो दुकानें निगम ने की सील
विज्ञापन
विज्ञापन
रिहायशी भवन का नक्शा पास करवाकर बनाई जा रही दो दुकानें निगम ने की सील
वार्ड 16 की लेबर कॉलोनी में नगर निगम ने अवैध रूप से बनाई दुकानों पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वार्ड-16 की लेबर कॉलोनी में अवैध रूप से बनाई जा रही दो दुकानों को नगर निगम की टीम ने सील कर दिया। यहां रिहायशी भवन का नक्शा पास करवाकर व्यावसायिक गतिविधि के लिए दुकानों का निर्माण किया गया था। आरोप है कि भवन मालिक द्वारा निगम की कुछ जमीन पर भी कब्जा किया गया था। निगमायुक्त आयुष सिन्हा व संयुक्त निगमायुक्त नीलम मेहरा के निर्देशों पर एटीपी दीपक सुखीजा व बीआई नरेश दहिया की टीम ने गांधी नगर थाना पुलिस की मदद से अवैध रूप से बनाए जा रही दोनों दुकानों को सील किया।
इससे पहले संयुक्त निगम आयुक्त नीलम मेहरा के पास वार्ड-16 की लेबर कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा अवैध निर्माण करने की शिकायत आई थी। इसके बाद दीपक सुखीजा की टीम ने मौके का मुआयना किया। जांच करने पर लेबर कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा दो दुकानों का निर्माण किया हुआ मिला। जब दुकानदार द्वारा दिए गए दस्तावेजों की जांच की गई तो पता चला कि रिहायशी कार्य के लिए भवन का नक्शा पास किया हुआ था, जबकि यहां अवैध रूप से व्यावसायिक कार्य के लिए दो दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इस संबंध में भवन बनाने वाले को नोटिस जारी किया गया, लेकिन उसने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद निगमायुक्त के निर्देशों पर भवन को सील करने के आदेश जारी किए गए। टीम ने मंगलवार दोपहर को भवन की दोनों दुकानों को सील कर दिया गया। दुकानें सील करने के बाद नोटिस चस्पाया गया कि यदि भवन मालिक द्वारा बिना निगम की अनुमति के सील को खोला तो उस पर विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एटीपी दीपक सुखीजा का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम प्रशासन सख्त है। उनकी टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। लोग भी अवैध निर्माण की सूचना दें। ऐसे निर्माणों को तोड़ा जाएगा। इस मामले में पूरी सख्ती बरती जा रही है। कहीं पर भी अवैध निर्माण व कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन