भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज के विवाद में अगर प्रदेश सरकार ने तत्कालीन एसडीएम और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का बचाव जारी रखा तो भाकियू उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के लिए कोर्ट की शरण लेगी। वह सोमवार को सिंचाई विभाग के सोनीपत रोड स्थित विश्राम गृह परिसर में करनाल के तत्कालीन एसडीएम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग के लिए प्रदर्शन करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
सत्यवान नरवाल ने कहा कि एसडीएम की आपत्तिजनक भाषा के वीडियो उपलब्ध हैं। इस आधार पर उनके और वहां के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ अविलंब मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए था। इसके बावजूद सरकार ऐसा करने की बजाय उलटा अधिकारियों को खुला संरक्षण दे रही है। सत्यवान नरवाल ने कहा कि मंगलवार को इसी मुद्दे पर करनाल में महापंचायत होगी और वहां लघु सचिवालय का अनिश्चितकालीन घेराव प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस दौरान भगत सिंह, सुरजीत मलिक, अमित मलिक, संदीप मलिक, रविंद्र मलिक, दिलबाग मलिक आदि मौजूद रहे।