सोनीपत: पहली बार जिले के छह खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित
- जिले के तीन खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड व तीन खिलाड़ी अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित
- खेल मंत्रालय ने खिलाड़ियों की लिस्ट की जारी
- राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड के लिए नामित होने की घोषणा के बाद खिलाड़ियों के परिजनों में खुशी की लहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए जिले के छह खिलाड़ियों को नामित किए जाने से उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। यह पहला मौका है, जब एक ही जिले के छह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इनमें तीन खिलाड़ियों को खेल का सर्वोच्च पुरस्कार मेजर ध्यान चंद अवॉर्ड व तीन को अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। जिले में एक साथ छह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित किए जाने से खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का कहना है कि यह गौरवान्वित करने वाला पल है।
खेल मंत्रालय द्वारा जारी की गई लिस्ट में टोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में रजत पदक जीतने वाले नाहरी निवासी पहलवान रवि दहिया, पैरालंपिक में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खेवड़ा निवासी सुमित आंतिल व पैरालंपिक के निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले गांव कथूरा, गोहाना के मनीष नरवाल को खेल के सर्वोच्च अवॉर्ड मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। वहीं हॉकी में देश को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी गांव कुराड़ निवासी सुमित कुमार, महिला हॉकी खिलाड़ी मोनिका मलिक व कबड्डी खिलाड़ी गांव कथूरा निवासी संदीप नरवाल को अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।
खेल मंत्रालय द्वारा हर साल 29 अगस्त को देश के राष्ट्रपति द्वारा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इस साल इसमें केंद्र सरकार की तरफ से टोक्यो ओलंपिक व पैरालंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी शामिल करने के चलते देरी की गई। पैरालंपिक खेलों का आयोजन इस साल 24 अगस्त से 5 सितंबर तक टोक्यो में हुआ।
राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड के लिए ये खिलाड़ी नामित
खिलाड़ी खेल पुरस्कार
रवि दहिया कुश्ती मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड
सुमित आंतिल एथलेटिक्स मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
मनीष नरवाल निशानेबाज मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड
सुमित कुमार हॉकी अर्जुन अवॉर्ड
मोनिका मलिक हॉकी अर्जुन अवॉर्ड
संदीप नरवाल कबड्डी अर्जुन अवॉर्ड
यह भी पढ़ें : ऐलनाबाद उपचुनाव: इशारे में राकेश टिकैत ने कही बड़ी बात, 6 महीने पहले जो झोला रखकर गया था, अब उसे वापस दे दो
यह बोले खिलाड़ियों के परिजन
मनीष का मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित होना गर्व की बात है। देश का नाम रोशन करने पर मनीष को कुछ ही दिनों में इस तरह से प्रोत्साहित करना सरकार का सराहनीय कदम है। इसके लिए मैं पीएम नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त करता हूं। चूंकि पीएम ने खेल के प्रति हर बच्चे को प्रोत्साहित किया और जीतने पर उन्हें खुद बधाई देकर हौसला बढ़ाया। अब मनीष को खेल रत्न अवॉर्ड से अलंकृत करना मेरे लिए सबसे बड़ा खुशी का पल है। - दिलबाग सिंह नरवाल, मनीष के पिता
पैरालंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर सुमित ने मेरा जीवन सफल कर दिया है। खेल मंत्रालय द्वारा सुमित को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए नामित किया जाना हम सभी के लिए गर्व की बात है। सुमित अभी मुंबई में हैं और देर रात वहां से वापसी करेगा। लाडले को अवॉर्ड के लिए चयनित होने पर सभी को बेहद खुशी है। - निर्मला देवी, सुमित आंतिल की मां
मोनिका को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चयनित होना हमारे लिए गर्व की बात है। मोनिका ने हमेशा से ही न केवल उनका, बल्कि क्षेत्र, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उसकी मेहनत का सरकार ने अच्छा फल दिया है, जिसके लिए हम सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। - तकदीर मलिक, मोनिका मलिक के पिता