सिंघु बॉर्डर निर्मम हत्याकांड: आरोपी निहंग ने तीन हमलावरों के नाम और चार को पहचानने की बात कुबूली, पंजाब ले जाया जाएगा
हरियाणा पुलिस ने दिल्ली और पंजाब पुलिस से कुंडली हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने में मदद मांगी है। उनकी पहचान के लिए वायरल हो रहे वीडियो पंजाब और दिल्ली पुलिस को भेज दिए गए हैं। जिस निहंगों और अन्य लोगों की पहचान होती जा रही है, उनके नाम और पते भी संबंधित राज्यों-जिलों की पुलिस को भेजे जा रहे हैं। पुलिस की स्पेशल टीम रेलवे स्टेशन और जीटी रोड पर निगरानी कर रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुंडली बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन में युवक की बर्बरता से हत्या के मामले में आरोपी निहंग से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को मामले में सात अन्य की संलिप्तता का पता लगा है। इसके अलावा भी पुलिस अन्य की संलिप्तता के साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार निहंग सरबजीत सिंह ने बताया कि वह केवल तीन आरोपियों के नाम जानता है।
अन्यों को वह चेहरे से पहचान सकता है। इसके साथ ही उसने बताया कि लखबीर की हत्या के दौरान कई लोग मौजूद थे। शनिवार को लखबीर की बहन उसका शव लेकर पंजाब रवाना हो गई। पुलिस कुंडली में डेरा डाले है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी व साक्ष्य जुटाने के लिए निहंग को पंजाब के गुरदासपुर व चमकौर साहिब ले जाया जाएगा।
पंजाब के तरनतारन जिले के चीमा खुर्द के रहने वाले लखबीर की बर्बरता से हत्या में निहंगों को आरोपी बनाए जाने की तैयारी है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। गिरफ्तार निहंग सरबजीत ने हत्या में उस समय आठ लोगों के शामिल होने की बात स्वीकारी है। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
मामले में अब एससीएसटी एक्ट लगा दिया गया है। उसके बाद डीएसपी कानून-व्यवस्था को इसका जांच अधिकारी बनाया गया है। लखबीर की हत्या के करीब एक दर्जन वीडियो वायरल हो रहे हैं। ज्यादातर वीडियो एक ही प्रकार के हैं। उनमें लखबीर को बर्बरता के साथ प्रताड़ित किया जा रहा है। सभी में धार्मिक उद्घोष किया जा रहा है। इसके बावजूद सभी वीडियो में दिखने वाले लोग अलग-अलग हैं। उनमें से ज्यादातर निहंग नजर आ रहे हैं।
बहन लेकर गई लखबीर का शव
नृशंस हत्या का शिकार हुए लखबीर का शव लेने उसकी दो बहन और बहनोई सुबह सोनीपत पहुंचे। वह पोस्टमार्टम हाउस से शव लेकर रवाना हो गए। उनको हत्या की जानकारी शुक्रवार को ही मिल गई थी। परिवार के लोगों ने इस बात को सिरे से नकार दिया कि लखबीर धार्मिक ग्रंथ के साथ बेअदबी कर सकता है।
वहीं उसके कुंडली पहुंचने की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। बहन राजकौर, बहनोई मंगत सिंह, मौसेरी बहन गुरजीत कौर और रिश्तेदार लखबीरदास एंबुलेंस लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे थे। राजकौर ने बताया कि उसका भाई अकेला तो घर से अमृतसर तक नहीं जा सकता है। वह न तो किसान था और न ही इस आंदोलन में शामिल था। उसके यहां पहुंचने की भी जांच होनी चाहिए।
निहंगों में मची भगदड़
कुंडली में हत्या करने के बाद पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की चार कंपनियां कुंडली में तैनात है। घटना के बाद निहंगों में भगदड़ मच गई। हत्या में आरोपी कई निहंग कुंडली छोडकर गुप्त रास्तों से भाग गए हैं। वह पंजाब और दिल्ली तक पहुंच गए। अमृतसर में एक आरोपी के सरेंडर से साफ हो गया है कि यहां से आरोपी निकल गए हैं।
मामले में गहनता से जांच की जा रही है। एससीएसटी एक्ट भी जोड़ दिया गया है। मामले में शामिल सभी आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। जो व्यक्ति वीडियो में दिख रहे हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। उनको शामिल तफ्तीश किया जा सकता है। - वीरेंद्र सिंह, डीएसपी