{"_id":"6ad070f7c5c2eb59460ee7d3","slug":"massive-fire-at-a-mattress-manufacturing-factory-in-sonipat-two-workers-sustained-burns-2026-10-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा: सोनीपत में गद्दे बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग, दो मजदूर झुलसे; अंदर कामगारों के फंसे होने की आशंका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा: सोनीपत में गद्दे बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग, दो मजदूर झुलसे; अंदर कामगारों के फंसे होने की आशंका
Thu, 15 Oct 2026 11:51 AM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Thu, 15 Oct 2026 11:51 AM IST
सार
फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों के परिजन अमन व राजकुमारी का कहना है कि यहां दिन-रात काम होता था। ऐसे में आग लगने के समय अंदर अन्य मजदूर भी मौजूद हो सकते हैं। इसी आशंका के चलते परिजन अंदर फंसे कामगारों की तलाश करने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
फैक्टरी में लगी आग
- फोटो : संवाद
विस्तार
गांव बारोटा के पास सफियाबाद रोड स्थित गद्दे बनाने वाली लीजेंड पॉलीफॉर्म प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में वीरवार तड़के करीब चार बजे भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे में दो मजदूर राजेश और पवन झुलस गए, जिन्हें बहालगढ़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फैक्टरी के अंदर दो अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। आग पर काबू पा लिया गया है। अब टीन शेड हटाकर अंदर सर्च अभियान चलाने की तैयारी है।
विज्ञापन
तड़के चार बजे लगी आग, तेजी से फैली लपटें
जानकारी के अनुसार फैक्टरी में वीरवार तड़के करीब चार बजे अचानक आग लग गई। फैक्टरी दिल्ली निवासी राहुल की बताई जा रही है। गद्दे बनाने में इस्तेमाल होने वाली फोम व अन्य सामग्री के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान दो मजदूर राजेश व पवन घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
परिजनों को अंदर मजदूरों के फंसे होने की आशंका
फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों के परिजन अमन व राजकुमारी का कहना है कि यहां दिन-रात काम होता था। ऐसे में आग लगने के समय अंदर अन्य मजदूर भी मौजूद हो सकते हैं। इसी आशंका के चलते परिजन अंदर फंसे कामगारों की तलाश करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि फायर विभाग के कर्मचारियों ने किसी मजदूर के लापता होने की सूचना से इन्कार किया है। फायर विभाग के अधिकारी विनोद ने बताया कि मशक्कत से आग पर काबू पाया गया है। टीन शेड के चलते आग पर काबू पाने में परेशानी आई।
विज्ञापन
टीन शेड हटने के बाद शुरू होगी तलाश
आग बुझने के बाद भी फैक्टरी के अंदर की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि आग के दौरान टीन का शेड गिर गया, जिससे अंदर तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। अब शेड हटाने के बाद सर्च अभियान चलाया जाएगा, ताकि अंदर किसी मजदूर के मौजूद होने की आशंका को दूर किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।